वंदे मातरम् पर सियासी संग्राम, भीलवाड़ा में भाजयुमो का प्रदर्शन

 






भीलवाड़ा, 16 अगस्त (हि.स.)। दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर वंदे मातरम् को लेकर हुए कथित घटनाक्रम के विरोध में भाजपा युवा मोर्चा ने शनिवार को भीलवाड़ा में प्रदर्शन किया। भाजपा ने राष्ट्रगीत के अपमान का आरोप लगाते हुए कांग्रेस से सार्वजनिक माफी की मांग की। स्थानीय सूचना केंद्र चौराहे पर हुए प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेताओं के पोस्टरों पर जूतों की माला पहनाई, सड़े टमाटर फेंके और कालिख पोतकर आक्रोश जताया। वहीं बैनर पर लिखे वंदे मातरम् पर गौमूत्र का छिड़काव कर प्रतीकात्मक शुद्धिकरण किया गया।

प्रदर्शन चित्तौड़गढ़ सांसद एवं पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी और भीलवाड़ा सांसद दामोदर अग्रवाल के सान्निध्य तथा भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा के नेतृत्व में हुआ। इस दौरान पूर्व महापौर राकेश पाठक, भाजयुमो जिलाध्यक्ष कुलदीप शर्मा सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

सांसद सीपी जोशी ने कहा कि वंदे मातरम् केवल शब्दों का समूह नहीं बल्कि देश की स्वतंत्रता की लड़ाई, त्याग और बलिदान की स्मृतियों से जुड़ा राष्ट्रभाव है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के दौरान असंख्य क्रांतिकारियों ने वंदे मातरम् का उद्घोष करते हुए देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया।

सांसद दामोदर अग्रवाल ने कहा कि वंदे मातरम् को राष्ट्रीय गीत का दर्जा प्राप्त है और इससे करोड़ों भारतीयों की भावनाएं जुड़ी हैं। ऐसे में इसके सम्मान से जुड़े किसी भी प्रसंग को हल्के में नहीं लिया जा सकता। उन्होंने कांग्रेस पर तुष्टिकरण की राजनीति के नाम पर राष्ट्रवादी प्रतीकों के प्रति असंवेदनशील रवैया अपनाने का आरोप लगाया।

भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा ने कांग्रेस से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की। उन्होंने कहा कि कथित घटनाक्रम से करोड़ों देशवासियों की भावनाएं आहत हुई हैं। कांग्रेस नेताओं को मामले में स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए और यदि कोई गलती हुई है तो देश से माफी मांगनी चाहिए।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने बैनर पर लिखे वंदे मातरम् पर गौमूत्र का छिड़काव कर प्रतीकात्मक शुद्धिकरण किया। कार्यकर्ताओं ने इसे राष्ट्रगीत के कथित अपमान के विरोध का प्रतीक बताया। इसके अलावा कांग्रेस नेताओं के पोस्टरों पर जूतों की माला पहनाई गई, सड़े टमाटर फेंके गए और कालिख पोती गई। कई कार्यकर्ता काले कपड़ों में प्रदर्शन करते नजर आए। महिलाओं और युवाओं ने भी नारेबाजी कर कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ आक्रोश जताया।

प्रदर्शन में पेंटर सूरज, प्रहलाद त्रिपाठी, अर्पित समदानी, लक्ष्यराज सिंह, मुकेश सोनी, किरण सालवी, दीपक पाराशर, शिवराज गुर्जर, कमलेश आचार्य, चेतन सिंह, शुभम शर्मा, सूरज सिंह, गोपाल तेली, मंजू चेचाणी, सुरेंद्र सिंह मोटरास, ललित अग्रवाल, पंकज मानसिंहका, अंकुर बोरदिया, महावीर समदानी, रागिनी गुप्ता, अभिश्रुता सोलंकी, कुलदीप माथुर, महेंद्र नायक, आकाश मालावत, बाबूलाल आचार्य, घनश्याम सिंगीवाल, मंजू पालीवाल, विजय पोखरना, ऋतुशेखर शर्मा सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / मूलचंद