रोजगार उत्सव में नव चयनित 1968 अभ्यर्थियों का किया उत्साहवर्धन

 


जोधपुर, 04 जुलाई (हि.स.)। राज्य सरकार के निर्देशानुसार शनिवार को जिला मुख्यालय स्थित मारवाड़ इंटरनेशनल सेंटर में जिला स्तरीय रोजगार उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विभागों में चयनित 1,968 नव नियुक्त अभ्यर्थियों का स्वागत एवं उत्साहवर्धन किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत तथा संसदीय कार्य, विधि एवं विधिक कार्य मंत्री जोगाराम पटेल थे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने वर्चुअल माध्यम से नव नियुक्त अभ्यर्थियों को संबोधित करते हुए उन्हें कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और जनसेवा के भाव से कार्य करने का संदेश दिया।

रोजगार उत्सव के दौरान एचपीसीएल रिफाइनरी, पचपदरा में आयोजितकार्यक्रम से प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण किया गया। साथ ही मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का संबोधन भी कार्यक्रम में लाइव प्रसारित किया गया, जिसमें उन्होंने प्रदेश के नव नियुक्त कर्मचारियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में विधायक अतुल भंसाली एवं बाबूसिंह राठौड़, पूर्व राज्य मंत्री प्रो. महेंद्र सिंह राठौड़, विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में नव चयनित अभ्यर्थी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। वक्ताओं ने नव नियुक्त कर्मचारियों से पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ जनसेवा में योगदान देने का आह्वान किया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश