रेलवे पेंशनभोगियों को अलर्ट, पीपीओ अपडेट के नाम पर साइबर ठगी का खतरा
जोधपुर, 26 फरवरी (हि.स.)। रेलवे के पेंशनभोगियों को साइबर धोखाधड़ी से सावधान रहने की सलाह दी गई है। हाल ही में सामने आया है कि कुछ साइबर जालसाज रेलवे अधिकारियों के नाम पर फर्जी फोन कॉल कर रहे हैं तथा एसएमएस और व्हाट्सएप संदेश भेजकर पेंशनभोगियों से व्यक्तिगत और बैंक संबंधी जानकारी प्राप्त करने का प्रयास कर रहे हैं।
जोधपुर मंडल से प्राप्त जानकारी के अनुसार जालसाज पीपीओ अपडेट, केवाईसी सत्यापन या अतिरिक्त पेंशन लाभ दिलाने का झांसा देकर पेंशनभोगियों से बैंक खाता नंबर, ओटीपी, पासवर्ड और अन्य गोपनीय जानकारी मांग रहे हैं। रेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि रेलवे की ओर से पीपीओ या सेवा रिकॉर्ड अपडेट करने के लिए किसी भी प्रकार का लिंक, एसएमएस या व्हाट्सएप संदेश नहीं भेजा जाता है और कोई भी अधिकारी फोन या सोशल मीडिया के माध्यम से बैंक विवरण या ओटीपी नहीं मांगता। रेलवे ने पेंशनभोगियों से अपील की है कि वे ऐसे किसी भी कॉल या संदेश पर भरोसा न करें और अपनी गोपनीय जानकारी साझा न करें। संदिग्ध कॉल या संदेश मिलने पर तुरंत पुलिस साइबर सेल तथा संबंधित प्रशासनिक कार्यालय को सूचना देने की सलाह दी गई है।
क्या करें
-संदिग्ध कॉल या मैसेज को तुरंत अनदेखा करें
-घटना की सूचना पुलिस साइबर सेल को दें
-परिवार के सदस्यों को भी साइबर ठगी के बारे में जागरूक करें
क्या नहीं करें
-किसी को भी बैंक खाता नंबर, ओटीपी या पासवर्ड न बताएं
-अनजान लिंक या मैसेज पर क्लिक न करें
-फर्जी कॉल पर भरोसा कर कोई जानकारी साझा न करें
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश