रेल मंत्री से मिले सांसद सीपी जोशी, मेवाड़ की रेल परियोजनाओं और यात्री सुविधाओं पर रखीं मांगें
चित्तौड़गढ़, 21 जुलाई (हि.स.)। चित्तौड़गढ़ लोकसभा क्षेत्र के सांसद सीपी जोशी ने मंगलवार को नई दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर मेवाड़ क्षेत्र में रेल विकास और यात्री सुविधाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों को रेल किराए में मिलने वाली रियायत बहाल करने से लेकर चित्तौड़गढ़-उदयपुर रेलमार्ग के दोहरीकरण और नई रेल सेवाओं के संचालन तक कई मांगें रखीं।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी मनोज पारीक ने बताया कि सांसद जोशी ने कोरोना काल से पूर्व वरिष्ठ नागरिकों को रेल किराए में मिलने वाली रियायत को पुनः लागू करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इस सुविधा से बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक लाभान्वित होते थे, इसलिए इसे जनहित में शीघ्र बहाल किया जाना चाहिए।
सांसद ने चित्तौड़गढ़ रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्य के दौरान नई स्टेशन भवन में एस्केलेटर और लिफ्ट की व्यवस्था करने की मांग की। साथ ही उन्होंने चित्तौड़गढ़ रेलवे स्टेशन पर पिटलाइन के निर्माण की आवश्यकता बताते हुए कहा कि इसके अभाव में यहां से नई ट्रेनों का संचालन प्रारंभ नहीं हो पा रहा है। पिटलाइन बनने से रतलाम मंडल के इस महत्वपूर्ण स्टेशन से नई रेल सेवाएं शुरू की जा सकेंगी।
उन्होंने चित्तौड़गढ़-उदयपुर रेलमार्ग के शीघ्र दोहरीकरण की मांग भी उठाई। सांसद जोशी ने कहा कि यह दक्षिणी राजस्थान का महत्वपूर्ण रेलखंड है, लेकिन एकल लाइन होने के कारण ट्रेनों को क्रॉसिंग के लिए रुकना पड़ता है, जिससे संचालन प्रभावित होता है और यात्रियों को अनावश्यक विलंब का सामना करना पड़ता है।
सांसद ने मेवाड़ से अहमदाबाद, मुंबई सहित देश के अन्य प्रमुख शहरों के लिए नई रेल सेवाएं शुरू करने का भी आग्रह किया। इसके अलावा उन्होंने रेलवे सुरक्षा और ग्रामीण संपर्क को सुदृढ़ बनाने के लिए आवश्यक स्थानों पर रेलवे अंडरपास और ओवरब्रिज निर्माण की मांग रखी। उन्होंने कहा कि इससे ग्रामीणों और किसानों की आवाजाही सुगम होगी तथा दुर्घटनाओं में कमी आएगी। उन्होंने क्षेत्रीय यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विभिन्न ट्रेनों के ठहराव की मांग भी रेल मंत्री के समक्ष रखी।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सांसद द्वारा उठाए गए सभी विषयों पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया। सांसद सीपी जोशी ने विश्वास व्यक्त किया कि इन मांगों के पूरा होने से चित्तौड़गढ़ लोकसभा क्षेत्र सहित पूरे मेवाड़ में रेल सुविधाओं का विस्तार होगा तथा यात्रियों, किसानों, उद्योग और पर्यटन क्षेत्र को लाभ मिलेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / अखिल