रावतभाटा में डंपर की चपेट में आने से युवक की मौत, एक अन्य गंभीर घायल
चित्तौड़गढ़, 11 जून (हि.स.)। जिले के रावतभाटा क्षेत्र में रामटेकरी के समीप गुरुवार शाम हुए भीषण सड़क हादसे में डंपर की चपेट में आने से एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद कोटा रेफर किया गया है।
पुलिस के अनुसार नया बाजार निवासी युवराज गुर्जर (18) पुत्र देवराज गुर्जर बाइक से बाजार की ओर जा रहा था। इसी दौरान रामटेकरी के पास रेत-चूरी से भरे एक डंपर की चपेट में आ गया। हादसा इतना भीषण था कि डंपर का अगला हिस्सा उसके ऊपर से गुजर गया, जिससे उसका एक पैर धड़ से अलग हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
इसी दौरान झरझनी निवासी रामलाल मेघवाल (50) की बाइक भी दुर्घटनाग्रस्त डंपर से टकरा गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों और दुकानदारों ने दोनों को तत्काल उप जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने युवराज को मृत घोषित कर दिया, जबकि रामलाल की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे कोटा के उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर कर दिया गया।
हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन और स्थानीय लोग अस्पताल पहुंच गए। मृतक के परिजनों के विलाप से अस्पताल परिसर में माहौल गमगीन हो गया। स्थिति को संभालने के लिए पुलिस को अतिरिक्त व्यवस्था करनी पड़ी।
रावतभाटा थाना प्रभारी संजीव स्वामी अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त डंपर को जब्त कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं।
परिजनों के अनुसार युवराज को करीब 15 दिन पहले ही नई बाइक दिलाई गई थी। उसके पिता और दादा पत्थर व्यवसाय से जुड़े हुए हैं। वहीं घायल रामलाल अपनी पत्नी को अस्पताल में चिकित्सकीय परामर्श दिलाने के बाद घर लौट रहा था, तभी वह दुर्घटना की चपेट में आ गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अखिल