रावण दहन को लेकर जयपुर में यातायात व्यवस्था बदली

 


जयपुर, 19 अक्टूबर (हि.स.)। राजधानी में मंगलवार को विजयादशमी पर्व पर शहर के विभिन्न स्थानों पर रावण दहन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रमों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने प्रमुख आयोजन स्थलों के आसपास विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है। कई मार्गों पर आवश्यकतानुसार यातायात डायवर्ट किया जाएगा, जबकि लंबी दूरी की रोडवेज बसों के मार्गों में भी बदलाव किया गया है। यातायात पुलिस ने आमजन से असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है।

आदर्श नगर में गोविंद मार्ग पर यातायात प्रभावित

ट्रैफिक डीसीपी प्रवीण नायक नूनावत ने बताया कि आदर्श नगर में त्रिमूर्ति सर्किल से गोविंद मार्ग की ओर जाने वाले सामान्य यातायात को आवश्यकतानुसार जवाहर लाल नेहरू मार्ग और एमडी रोड की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। गुरुद्वारा मोड़ से गोविंद मार्ग और घाटगेट की ओर यातायात संचालित किया जाएगा।

रामलीला मैदान के आसपास बदलेगा यातायात

रामलीला मैदान में रावण दहन कार्यक्रम के दौरान त्रिपोलिया टी-पॉइंट से न्यूगेट चौराहे की ओर आने वाले यातायात को छोटी चौपड़ और बड़ी चौपड़ की तरफ भेजा जाएगा। यादगार तिराहे से रामनिवास बाग चौराहे की ओर जाने वाले वाहनों को टोंक रोड और जीटीसी के सामने से सर्विस लेन में संचालित किया जाएगा। आरोग्य पथ तिराहे और सांगानेरी गेट से आने-जाने वाले यातायात को आवश्यकतानुसार जौहरी बाजार, मिनर्वा चौराहे और एमडी रोड की ओर डायवर्ट किया जा सकता है।

विद्याधर नगर और शास्त्री नगर में भी वैकल्पिक मार्ग

विद्याधर नगर स्टेडियम में होने वाले आयोजन को देखते हुए बजरी मंडी सर्किल, पापड़ के हनुमान जी, क्रॉस मॉल चौराहे और अलंकार चौराहे से स्टेडियम की ओर जाने वाले सामान्य यातायात को जरूरत के अनुसार समानांतर मार्गों पर डायवर्ट किया जाएगा।

इसी प्रकार शास्त्री नगर स्थित साइंस पार्क के आसपास गोयल अस्पताल तिराहे, नगर निगम तिराहे और राष्ट्रपति मैदान चौराहे से आने वाले यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग कराया जाएगा।

मुख्य मार्गों पर पार्किंग प्रतिबंधित

यातायात पुलिस के अनुसार, दशहरा उत्सव स्थलों के आसपास के प्रमुख मार्गों पर सभी प्रकार के वाहनों की पार्किंग प्रतिबंधित रहेगी। वहीं, एंबुलेंस और दमकल वाहनों जैसी आपातकालीन सेवाओं का आवागमन निर्बाध रखा जाएगा। वाहन चालकों से यातायात पुलिस के निर्देशों की पालना करने और निर्धारित मार्गों का उपयोग करने की अपील की गई है।

दिल्ली और आगरा मार्ग की रोडवेज बसों के बदले रूट

दशहरा पर्व के मद्देनजर लंबी दूरी की रोडवेज बसों के मार्गों में भी बदलाव किया गया है।

दिल्ली रोड की बसें चंदवाजी तिराहे से एक्सप्रेस हाईवे, रोड नंबर-14 सीकर रोड, चौमूं तिराहा, पानीपेच और कलेक्ट्री सर्किल होते हुए सिंधी कैंप पहुंचेंगी। वापसी में भी इन्हीं निर्धारित मार्गों का उपयोग किया जाएगा।

वहीं आगरा रोड की बसें रोटरी सर्किल, जवाहर नगर बाईपास, ओटीएस चौराहा, गोपालपुरा चौराहा, लक्ष्मी मंदिर, सहकार मार्ग, 22 गोदाम और गवर्नमेंट हॉस्टल होते हुए सिंधी कैंप पहुंचेंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश