रामेश्वरम-मदुराई की तीर्थ यात्रा के लिए विशेष रेलगाड़ी रवाना
जोधपुर, 24 जुलाई (हि.स.)। देवस्थान विभाग द्वारा संचालित वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना-2026 के अंतर्गत रामेश्वरम-मदुराई तीर्थ यात्रा के लिए आज दोपहर विशेष रेलगाड़ी भगत की कोठी रेलवे स्टेशन से रवाना हुई। इस यात्रा में जोधपुर एवं जैसलमेर जिले के नौ से अधिक चयनित वरिष्ठ नागरिक नि:शुल्क तीर्थ यात्रा का लाभ प्राप्त कर रहे है। इस रेलगाड़ी को शहर विधायक अतुल भंसाली ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यात्रा के दौरान वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा, सुरक्षा एवं स्वास्थ्य की दृष्टि से समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। विशेष रेलगाड़ी में एक राजपत्रित अधिकारी को ट्रेन प्रभारी नियुक्त किया गया है, जबकि प्रत्येक कोच में दो-दो सरकारी कर्मचारियों को अनुरक्षक के रूप में तैनात किया गया है। इसके अतिरिक्त चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए एक चिकित्सक एवं दो नर्सिंगकर्मी भी पूरे यात्रा काल में यात्रियों के साथ रहेंगे तथा उनके स्वास्थ्य की नियमित निगरानी करेंगे।
देवस्थान विभाग द्वारा यात्रा के दौरान आठ दिनों तक आवास, भोजन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। योजना के अंतर्गत यह संपूर्ण तीर्थ यात्रा चयनित वरिष्ठ नागरिकों के लिए पूर्णत: नि:शुल्क रहेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश