रामलला के जन्मोत्सव पर शाही लवाजमें के साथ निकलेगी परम्परागत विशाल शोभायात्रा

 


जयपुर, 25 मार्च (हि.स.)। रामनवमी पर 26 मार्च को रामलला के जन्मोत्सव पर शाम चार बजे सूरजपोल अनाज मंडी से गाजेबाजे और लवाजमे के साथ परम्परागत शोभायात्रा निकाली जाएगी। श्री रामकृष्ण जयंती महोत्सव समिति ट्रस्ट की शोभायात्रा को ब्रह्म पीठाधीश्वर खोजीजीद्वाराचार्य रामरिछपाल दास महाराज (त्रिवेणी धाम) के सान्निध्य में आरती-पूजन के साथ रवाना की जाएगी। शोभायात्रा को लेकर तैयारियों को बुधवार को अंतिम रूप दिया गया। शोभायात्रा शोभायात्रा में 35 आकर्षक झांकियां शामिल होंगी, जिनमें रामचरितमानस के विभिन्न प्रसंगों का सजीव मंचन होगा। गौरांग महाप्रभु संकीर्तन मंडल के लोग भजन-कीर्तन और हरिनाम संकीर्तन करते चलेंगे। पूरे मार्ग में भक्ति की अविरल धारा बहेगी। राजस्थानी लोक संस्कृति की झलक भी शोभायात्रा में देखने को मिलेगी। ढूंढ़ाड़ी भाषा में लोकगीतों का गायन एवं पारंपरिक लोकनृत्य विशेष आकर्षण का केन्द्र रहेंगे।

शोभायात्रा में श्रीराम, भरत, लक्ष्मण एवं शत्रुघ्न के स्वरूपों की सजीव झांकी श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केन्द्र रहेगी। शोभायात्रा में विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों की झांकियों में जे.के. लोन गणेश जी का रथ, हरि सिंह जी भौमियां जी की झांकी, श्याम सत्संग समिति द्वारा वीर हनुमान जी की झांकी, जीण माता मंदिर का रथ, वैष्णो देवी माता, नीली हवेली वाले हनुमानजी, मुरली मनोहरजी मंदिर, चिंताहरण हनुमान जी सहित अनेक झांकियां शामिल रहेंगी। इसके अलावा विद्युत चलित झांकियां भी रहेंगी। गणेश जी का तबला वादन, शिवजी की हथेली पर नृत्य करते गणेश जी, हनुमान जी द्वारा शिवजी की आरती, रामजी का पालने में झूलना, रास मंडल, संजोग बिहारी जी मंदिर, स्वरूप सरकार एवं रंगमहल की झांकियां दर्शकों को आकर्षित करेंगी।

श्री रामकृष्ण जयंती महोत्सव समिति ट्रस्ट के महामंत्री प्रवीण (बड़े भैया) ने बताया कि शोभायात्रा में करीब 30 सजीव और इलेक्ट्रॉनिक झांकियां शामिल होंगी। जिनमें से हनुमान जी का कीर्तन, गणेश जी का तबला वादन, शिवजी की हथेली पर नृत्य करते गणेश और पालने में झूलते रामलला जैसी झांकियां आकर्षण का केंद्र होंगी। इसके अलावा गौरांग महाप्रभु संकीर्तन मंडल भक्ति गीतों के साथ शोभायात्रा में शामिल होगा। राजस्थानी लोक कला और ढूंढाड़ी भाषा में लोकगीतों की प्रस्तुति सांस्कृतिक रंग बिखेरेगी।

सूरजपोल बाजार, रामगंज चौपड़, रामगंज बाजार, बड़ी चौपड़, जौहरी बाजार, सांगानेरी गेट, बापू बाजार, चौड़ा रास्ता, त्रिपोलिया बाजार एवं छोटी चौपड़ होते हुए चांदपोल बाजार स्थित मंदिर श्री रामचन्द्र जी पहुंचेगी। यहां रात्रि लगभग 10:30 बजे महाआरती के साथ शोभयात्रा का समापन होगा। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर स्वागत मंच बनाए गए हैं जहां जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भगवान श्रीराम की आरती करेंगे। सूरजपोल मण्डी, हीदा की मोरी, रामगंज चौपड़, फूटा खुर्रा, लाड़ली जी मंदिर, बड़ी चौपड़ सर्राफा मंच, गोलछा टॉकीज, ताडक़ेश्वर मंदिर और श्री रामचन्द्र मंदिर के बाहर बड़े स्तर पर स्वागत होगा। शोभायात्रा में 5 हाथी, 8 ऊंट और 8 घोड़े सुसज्जित लवाजमे के साथ शामिल होंगे, वहीं जयपुर के प्रमुख बैण्ड अपनी मधुर स्वर लहरियों से वातावरण को भक्तिमय बनाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश