राज्य स्तरीय त्वचा रोग विशेषज्ञ सम्मेलन: विशेषज्ञों ने साझा किया चिकित्सा अनुभव, आधुनिक तकनीक
बीकानेर, 24 अक्टूबर (हि.स.)।बीकानेर में भारतीय चर्म, रति एवं कुष्ठ रोग विशेषज्ञ संगठन (आईएडीवीएल) के 47वें राज्य स्तरीय दो दिवसीय सम्मेलन का भव्य शुभारंभ हुआ। त्वचा आरोग्य सेवा न्यास के संयोजन में 24 और 25 अक्टूबर को जयपुर-जोधपुर बाईपास स्थित गणेशम रिसॉर्ट में आयोजित इस सम्मेलन में राजस्थान सहित देश के विभिन्न हिस्सों से लगभग 450 से अधिक त्वचा रोग विशेषज्ञ चिकित्सक भाग ले रहे हैं। सम्मेलन के उद्घाटन समारोह में दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर चिकित्सा क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले नौ चिकित्सकों को विभिन्न प्रतिष्ठित पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। वहीं, त्वचा के स्वास्थ्य और देखभाल पर आधारित पुस्तक ‘स्किन कंपास’ का विमोचन भी किया गया।
उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि डॉ. दिनेश माथुर तथा डॉ. यू.एस. अग्रवाल और डॉ. संजीव हांडा अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। आयोजन समिति की ओर से अतिथियों एवं देश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे वरिष्ठ चिकित्सकों का पारंपरिक राजस्थानी अंदाज में स्वागत किया गया। अतिथियों को साफा पहनाकर, पुष्पगुच्छ भेंट कर तथा अंगवस्त्र ओढ़ाकर अभिनंदन किया गया। बीकानेर की आतिथ्य परंपरा और स्थानीय संस्कृति की झलक ने समारोह को विशेष गरिमा प्रदान की।
कार्यक्रम में संगठन के संरक्षक डॉ. आर.ए. बंब, आईएडीवीएल राजस्थान के अध्यक्ष डॉ. राजकुमार कोठी वाला, सचिव डॉ. सुरेंद्र थालोर , मुख्य समन्वयक डॉ. आर.डी. मेहता, आयोजन अध्यक्ष डॉ. बी.सी. घिया, आयोजन सचिव डॉ. मोहित बंसल तथा वैज्ञानिक समिति के अध्यक्ष डॉ. प्रसून सोनी सहित आयोजन से जुड़े पदाधिकारी मौजूद रहे। आयोजन अध्यक्ष डॉ. बी.सी. घिया ने स्वागत उद्बोधन दिया और सम्मेलन के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला।
सम्मेलन के उद्घाटन समारोह में त्वचा रोग चिकित्सा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान, नवाचार, शिक्षण, शोध, विशेषज्ञता और दीर्घकालीन सेवाओं के लिए नौ चिकित्सकों को विभिन्न पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
उद्घाटन समारोह का एक प्रमुख आकर्षण डॉ. दिनेश माथुर के मुख्य संपादन में तैयार पुस्तक ‘स्किन कंपास’ (आपकी त्वचा, आपका स्वास्थ्य) का विमोचन रहा।
सम्मेलन के दौरान आयोजित वैज्ञानिक सत्रों, लाइव प्रेजेंटेशन और कार्यशालाओं में त्वचा रोग विशेषज्ञों ने विभिन्न त्वचा संबंधी बीमारियों, उनके लक्षणों, उपचार की आधुनिक पद्धतियों तथा रोकथाम के उपायों पर विस्तार से चर्चा की। राजस्थान सहित देश के विभिन्न हिस्सों और अंतरराष्ट्रीय स्तर से आए विशेषज्ञों ने प्रेजेंटेशन एवं पावरपॉइंट प्रस्तुतियों के माध्यम से अपने अनुभव और शोध से जुड़ी जानकारियां साझा कीं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव