राज्य सरकार कर रही है निरंतर विकास एवं जनकल्याण के कार्य: भदेल
अजमेर, 19 अगस्त(हि.स.)। अजमेर दक्षिण विधायक अनिता भदेल ने कहा कि प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार द्वारा निरंतर विकास एवं जनकल्याण के कार्य किए जा रहे हैं। सरकार की मंशा है कि प्रत्येक जनकल्याणकारी योजना का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हों।
विधायक बुधवार को अजमेर में वार्ड नं. 34 अशोक नगर गली नं. 17, 18 एवं 19 में 48.15 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सीसी सड़क निर्माण कार्य का पूजा-अर्चना कर विधिवत शिलान्यास करने के बाद जनसभा को संबोधित कर रही थी।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता पूर्ण निष्ठा, समर्पण एवं सेवा भाव के साथ जनता के बीच रहकर कार्य करता है। आगामी नगर निगम अजमेर के चुनावों का उल्लेख करते हुए विधायक भदेल ने क्षेत्रवासियों से आग्रह किया कि भाजपा के विकास कार्यों, सुशासन एवं राष्ट्रहित की नीतियों को ध्यान में रखते हुए निकाय चुनाव में मतदान करें। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में मतदाता का एक-एक वोट क्षेत्र के विकास की दिशा तय करता है। इसलिए किसी भी प्रकार के प्रलोभन में न आएं और विकास, सुशासन तथा राष्ट्रहित को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए अपने मताधिकार का प्रयोग करें।
विधायक अनिता भदेल ने कहा कि अशोक नगर में इन सड़कों का निर्माण पूर्व में भी उनके द्वारा ही करवाया गया था। समय के साथ कॉलोनी का विस्तार हुआ और आवागमन बढ़ने के कारण पुरानी सड़क के नवीनीकरण की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। जनहित की आवश्यकता को देखते हुए अब 48.15 लाख रुपये की लागत से सड़क का नवीनीकरण कार्य कराया जा रहा है। विधायक भदेल ने बताया कि सड़क का कार्य गुणवत्तापूर्ण होगा। पुरानी सड़क को खोदकर आवश्यक तकनीकी प्रक्रिया के बाद नए सिरे से सीसी सड़क का निर्माण किया जाएगा। ताकि सड़क का लेबल ऊंचा ना हो और जलभराव की समस्या उत्पन्न ना हो।
सड़क निर्माण कार्य के शिलान्यास के अवसर पर बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। क्षेत्रवासियों ने सड़क निर्माण कार्य एवं क्षेत्र की समस्या के समाधान के लिए विधायक अनिता भदेल का आभार व्यक्त किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष