राजस्थान सेवारत चिकित्सक संघ ने मनाई हैनिमैन जयंती

 


जोधपुर, 11 अप्रैल (हि.स.)। राजस्थान सेवारत चिकित्सक संघ जोधपुर के तत्वावधान में होम्योपैथी के जनक डॉ. सैमुअल हैनिमैन की जयंती हर्षोल्लास से मनाई गई। इस अवसर पर जिले भर के चिकित्सकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर होम्योपैथी चिकित्सा पद्धति के महत्व को उजागर किया।

कार्यक्रम में संघ के संरक्षक डॉ. अर्जुन सिंह राजपुरोहित की विशेष उपस्थिति रही। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि डॉ. हैनिमैन द्वारा स्थापित होम्योपैथी चिकित्सा पद्धति आज भी समाज के लिए अत्यंत उपयोगी एवं प्रभावी सिद्ध हो रही है। संघ की सचिव डॉ. प्रियंका नरूका ने अपने संबोधन में कहा कि होम्योपैथी चिकित्सा प्रणाली सरल, सुलभ और बिना दुष्प्रभाव के उपचार प्रदान करने वाली पद्धति है, जिसे जन-जन तक पहुंचाने की आवश्यकता है। संघ की प्रवक्ता डॉ. काजल वर्मा ने होम्योपैथी के प्रचार-प्रसार पर जोर दिया। वहीं उपाध्यक्ष डॉ. रेणुका मेघवाल एवं डॉ. अनामिका परिहार ने संगठन की गतिविधियों और समाज सेवा के महत्व पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर डॉ. रोजलीना ने कहा कि होम्योपैथी रोग के मूल कारण को समाप्त कर शरीर की प्राकृतिक प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाती है।

डॉ. ममता सेजू ने अपने विचार रखते हुए बताया कि यह पद्धति सुरक्षित, किफायती और दीर्घकालिक लाभ देने वाली है। वहीं डॉ. रेणुका मेघवाल ने कहा कि होम्योपैथी बिना किसी दुष्प्रभाव के प्रभावी उपचार प्रदान करती है और आज के समय में इसकी प्रासंगिकता लगातार बढ़ रही है। कार्यक्रम में डॉ. यामिनी, डॉ. ज्योति, डॉ. गरिमा, डॉ. भावना, डॉ. राकेश, डॉ. रश्मि, डॉ. मोनिका सहित अनेक चिकित्सक उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश