राजस्थान में मानसून पड़ा कमजोर, अगले चार दिन मौसम रहेगा शुष्क
जयपुर, 28 अगस्त (हि.स.)। राजस्थान में मानसून अब कमजोर चरण में पहुंच गया है। राज्य में अब तक सामान्य से 21 फीसदी कम बारिश हुई है। मानसून ट्रफ के उत्तर भारत की ओर जम्मू क्षेत्र में शिफ्ट होने के साथ ही प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में कमी आई है। गुरुवार को भी राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहा। हालांकि कोटा और भरतपुर संभाग के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार मानसून ट्रफ के फिलहाल उत्तर भारत में ही सक्रिय रहने की संभावना है। इसका असर राजस्थान के मौसम पर भी दिखाई देगा।
मौसम केंद्र जयपुर ने आगामी चार दिनों तक प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का पूर्वानुमान जारी किया है। हालांकि भरतपुर, जयपुर और कोटा संभाग में कहीं-कहीं बादल छाने के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है।
पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश में सबसे अधिक बारिश झालावाड़ के मनोहरथाना और बारां के छीपाबड़ौद में 34-34 मिमी मापी गई।
इसके अलावा बारां, झालावाड़, धौलपुर, करौली और सवाई माधोपुर के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हुई। प्रदेश के अन्य इलाकों में मौसम सामान्यतः साफ रहा।
पिछले दिनों हुई बारिश का असर बीसलपुर बांध पर भी दिखाई दे रहा है। त्रिवेणी नदी का गेज अभी 2.40 मीटर पर बना हुआ है। इसके चलते बीसलपुर बांध का जलस्तर गुरुवार को एक सेंटीमीटर बढ़कर 314.10 आरएल मीटर पहुंच गया। मानसून कमजोर पड़ने के साथ ही प्रदेश के कई जिलों में गर्मी का असर बढ़ गया है।
पश्चिमी हवाओं के प्रभाव से श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, फलोदी, बीकानेर और चूरू में तापमान बढ़ा। श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री सेल्सियस मापा गया। अगस्त के अंतिम दिनों में भी कई इलाकों में तेज गर्मी लोगों को परेशान कर रही है।
मौसम विभाग के अनुसार आगामी चार दिनों में राजस्थान में मानसून की गतिविधियां कमजोर रहने की संभावना है। अधिकांश जिलों में मौसम साफ और शुष्क रहेगा। हालांकि भरतपुर, जयपुर और कोटा संभाग में स्थानीय परिस्थितियों के कारण कहीं-कहीं बादल छाने और हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना बनी रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित