राजस्थान में बढ़ी गर्मी, दिन के साथ अब रात में भी चढ़ने लगा पारा

 




जयपुर, 02 मार्च (हि.स.)। प्रदेश में गर्मी ने मार्च की शुरुआत में ही तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। दिन में तेज धूप के साथ अब रात में भी तापमान बढ़ने लगा है। राज्य के अधिकांश शहरों में न्यूनतम तापमान सामान्य से सात डिग्री सेल्सियस अधिक मापा जा रहा है। सीमावर्ती जिले बाड़मेर में न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस मापा गया, जो इस समय सबसे अधिक है।

पश्चिमी राजस्थान के जिलों में दोपहर के समय तेज धूप के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है। लोग आवश्यक कार्य होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में आगामी एक सप्ताह तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। अगले दो-तीन दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी हो सकती है।

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्यभर में मौसम साफ रहा और सुबह से शाम तक तेज धूप खिली रही। सर्वाधिक अधिकतम तापमान बाड़मेर में 36.5 डिग्री सेल्सियस मापा गया। इसके अलावा जोधपुर में 35.1, फतेहपुर में 35.5, जैसलमेर में 34.7, बीकानेर में 34.4 और जयपुर में 32.2 डिग्री सेल्सियस मापा गया।

दिन के साथ अब रात में भी गर्मी का असर साफ दिखाई दे रहा है।

कई शहरों में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है। जैसलमेर में 20, जालोर में 20.7, फलोदी में 19.8, कोटा में 18.8 तथा जयपुर में 18 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान मापा गया। इन सभी स्थानों पर रात का तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है।

मौसम केन्द्र जयपुर के निदेशक आरएस शर्मा के अनुसार राज्य में फिलहाल किसी प्रकार की वर्षा की संभावना नहीं है। तापमान में आगामी दिनों में वृद्धि होने के संकेत हैं। ऐसे में होली के बाद प्रदेश में गर्मी और तेज होने की संभावना जताई जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित