राजस्थान में पांडुलिपियों का महाकुंभ, मेगा सर्वे का होगा आयोजन
जयपुर, 24 मार्च (हि.स.)। राजस्थान की अमूल्य साहित्यिक विरासत और प्राचीन ज्ञान को सहेजने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए ज्ञान भारतम मिशन, नई दिल्ली द्वारा जयपुर में 'पांडुलिपि मेगा सर्वे' शुरु किया गया है।
मिशन के निदेशक इंद्रजीत सिंह एवं राजस्थान प्रभारी के निर्देशानुसार, यह सर्वे भारत सरकार की पांडुलिपि संरक्षण योजना के अंतर्गत संपन्न होगा।
विरासत को सहेजने की अनूठी पहल
इस मेगा सर्वे का मुख्य उद्देश्य निजी संग्राहकों, धार्मिक संस्थाओं और राजकीय संस्थानों के पास उपलब्ध बहुमूल्य हस्तलिखित ग्रंथों और पांडुलिपियों को सूचीबद्ध कर उन्हें सुरक्षित करना है। जयपुर के पंडित जवाहरलाल नेहरू बाल साहित्य अकादमी में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में सभी हितधारकों को आमंत्रित किया गया है।
डिजिटल माध्यम से होगा पंजीकरण
सर्वे के दौरान एक विशेष एप्लीकेशन (एप) के माध्यम से पांडुलिपियों का पंजीकरण किया जाएगा। इस प्रक्रिया से न केवल ग्रंथों का विवरण सुरक्षित होगा, बल्कि उनके संरक्षण (कंजर्वेशन) के लिए भी भविष्य की राह आसान होगी। मिशन ने अपील की है कि जिनके पास भी प्राचीन ग्रंथ, ताड़पत्र या हस्तलिखित दस्तावेज हैं, वे इस ज्ञान यज्ञ का हिस्सा बनें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव