राजस्थान में पांच बड़ी भर्ती परीक्षाओं का संशोधित कैलेंडर जारी

 


जयपुर, 29 सितंबर (हि.स.)। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड ने पंचायतीराज चुनावों के मद्देनजर राज्य की पांच बड़ी भर्ती परीक्षाओं के कार्यक्रम में बदलाव करते हुए सोमवार को संशोधित परीक्षा कैलेंडर जारी कर दिया। अब ये परीक्षाएं नवंबर 2026 से फरवरी 2027 के बीच आयोजित की जाएंगी। संशोधित कार्यक्रम से प्रदेश के लाखों अभ्यर्थियों को अपनी तैयारी की नई रणनीति बनानी होगी। इन परीक्षाओं में 50 लाख से अधिक अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है।

संशोधित कार्यक्रम के अनुसार टीचिंग एसोसिएट (संविदा आधारित) भर्ती-2026 के 32 विषयों की परीक्षाएं 17 नवंबर से 21 दिसंबर 2026 के बीच अलग-अलग तारीखों पर होंगी। 17 नवंबर तथा 14, 17, 18 और 21 दिसंबर को परीक्षा एक पारी में होगी, जबकि 7, 9, 10, 11, 15 और 16 दिसंबर को दो पारियों में परीक्षा आयोजित की जाएगी। बोर्ड आवश्यकता के अनुसार कंप्यूटर आधारित परीक्षा, टैबलेट आधारित परीक्षा के साथ ओएमआर अथवा कागज-पेन आधारित ओएमआर पद्धति का इस्तेमाल कर सकता है।

समान पात्रता परीक्षा (सीईटी) सीनियर सेकंडरी स्तर-2026 की परीक्षा 1 से 3 दिसंबर 2026 तक आयोजित होगी।

परीक्षा प्रत्येक दिन दो पारियों में होगी। वहीं सीईटी स्नातक स्तर-2026 की परीक्षा 16, 17 और 18 जनवरी 2027 को कराई जाएगी। 16 और 17 जनवरी को दो-दो पारियां होंगी, जबकि 18 जनवरी को एक पारी में परीक्षा होगी। सीईटी के माध्यम से विभिन्न सरकारी भर्तियों में आवेदन के लिए पात्रता निर्धारित की जाती है, इसलिए इन परीक्षाओं में बड़ी संख्या में अभ्यर्थी शामिल होते हैं।

प्रयोगशाला परिचारक सीधी भर्ती-2025 की परीक्षा अब 25 जनवरी 2027 को एक पारी में होगी।

इसके बाद कनिष्ठ अभियंता संयुक्त सीधी भर्ती-2026 की परीक्षा 3 से 5 फरवरी 2027 तक आयोजित की जाएगी। कनिष्ठ अभियंता भर्ती परीक्षा प्रतिदिन एक पारी में होगी।

बोर्ड अध्यक्ष आलोक राज ने अभ्यर्थियों से संशोधित परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार अपनी तैयारी और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं करने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पूर्व में 23 जून और 1 जुलाई 2026 को जारी कार्यक्रम में अक्टूबर में प्रस्तावित पंचायतीराज चुनावों को देखते हुए बदलाव किया गया है। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे पुरानी तारीखों के बजाय संशोधित कार्यक्रम को आधार बनाकर ही परीक्षा की तैयारी करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित