राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ का असर बरकरार, चूरू में ओलावृष्टि के साथ बारिश
जयपुर, 25 अक्टूबर (हि.स.)। राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ का असर शनिवार को भी देखने को मिला। प्रदेश के उत्तरी हिस्से में दोपहर बाद मौसम ने करवट ली। चूरू, श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ में आसमान में बादल छाने के साथ तेज हवाएं चलीं। चूरू में बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई, जबकि श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ के कई इलाकों में हल्की बारिश हुई।
अचानक बदले मौसम के चलते तापमान में गिरावट आई और रात के समय हल्की सर्दी का अहसास बढ़ गया।
मौसम में आए बदलाव का असर तापमान पर भी दिखाई दिया। चूरू में अधिकतम तापमान 2.2 डिग्री गिरकर 33.6 डिग्री सेल्सियस मापा गया। तापमान में गिरावट के कारण दिन के समय भी मौसम अपेक्षाकृत ठंडा रहा। हालांकि, पश्चिमी राजस्थान के कुछ जिलों में गर्मी का असर बना रहा और वहां लोगों को दिन में गर्म मौसम का सामना करना पड़ा।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के पूर्वानुमान के अनुसार रविवार से प्रदेश में मौसम साफ रहने की संभावना है। अगले तीन से चार दिनों तक राज्य में कहीं भी बारिश होने के आसार नहीं हैं। ऐसे में लोगों को फिलहाल बारिश से राहत मिल सकती है। हालांकि, दिन और रात के तापमान में होने वाले बदलाव के कारण सुबह और रात के समय हल्की ठंड महसूस हो सकती है।
प्रदेश में मौसम का यह बदलाव अस्थायी राहत लेकर आया है। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, अक्टूबर के अंतिम दिनों में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है। इसके प्रभाव से राजस्थान के कुछ हिस्सों में फिर से बादल छाने और बारिश होने की संभावना जताई गई है। ऐसे में महीने के अंत में मौसम एक बार फिर करवट ले सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित