राजस्थान में गर्मी का दौर तेज, 14 शहरों में पारा 33 डिग्री के पार

 


जयपुर, 28 फ़रवरी (हि.स.)। राजस्थान में गर्मी ने अब तेज़ी पकड़ ली है। शुक्रवार को प्रदेश के 14 शहरों में दिन का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक मापा गया। पश्चिमी और उत्तरी जिलों में गर्मी का असर ज्यादा देखने को मिल रहा है।

बीकानेर, चूरू समेत कई शहरों में दिन का तापमान सामान्य से ऊपर रहा। वहीं जयपुर, अलवर, सीकर और पिलानी सहित अन्य शहरों में भी पारा करीब दो डिग्री सेल्सियस तक बढ़ गया। दोपहर में तेज धूप के कारण लोगों को गर्मी का अहसास होने लगा। हालांकि दोपहर बाद मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिला।

जयपुर, सीकर, चूरू, झुंझुनूं समेत कई शहरों में आसमान में हल्के बादल छाए। पिछले 24 घंटे में अधिकांश शहरों में दिनभर धूप रही, जबकि शाम के समय सीकर, चूरू, झुंझुनूं, नागौर, जयपुर, अलवर और कोटा संभाग के कुछ इलाकों में बादल दिखाई दिए।

मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार अगले दो सप्ताह तक राजस्थान के पश्चिमी और उत्तरी जिलों में तापमान सामान्य से 3-4 डिग्री सेल्सियस अधिक रहने की संभावना है। विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल मौसम साफ रहेगा और गर्मी में और बढ़ोतरी हो सकती है।

प्रदेश में पिछले 24 घंटे के दौरान सबसे अधिक अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस बाड़मेर में मापा गया। इसके बाद जैसलमेर और चित्तौड़गढ़ में 34.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ। दिन के साथ अब रात का तापमान भी बढ़ने लगा है। फलोदी में न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा। बाड़मेर में 20.5, चित्तौड़गढ़ में 19.4, जैसलमेर और जोधपुर में 18.4 तथा बीकानेर में 18.5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान मापा गया। इन शहरों में रात के समय भी ठंड लगभग खत्म हो गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित