राजस्थान में कमजोर पड़ा मानसून, अगले सप्ताह बारिश की गतिविधियां कम रहने की संभावना
जयपुर, 07 सितंबर (हि.स.)। राजस्थान में मानसून कमजोर पड़ने से बारिश की गतिविधियों में कमी आई है। इसके चलते प्रदेश के कई शहरों के तापमान में दो से पांच डिग्री तक बढ़ोतरी दर्ज की गई। सोमवार को अलवर सहित करीब आधा दर्जन शहरों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। अलवर में सर्वाधिक करीब आधा इंच बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को उदयपुर, चूरू, श्रीगंगानगर, अलवर, सीकर, कोटा और कोटपुतली-बहरोड़ सहित कुछ अन्य स्थानों पर बारिश हुई। जयपुर में दिनभर मौसम साफ रहा और धूप खिली रही। हालांकि दोपहर बाद छितराए बादल नजर आए। जयपुर में तापमान में दो डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। 39 डिग्री सेल्सियस के साथ फलौदी दिन और 28 डिग्री के साथ श्रीगंगानगर रात का सबसे गर्म स्थान रहा।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि पूर्वी राजस्थान में आगामी चार-पांच दिन और पश्चिमी राजस्थान में अगले एक सप्ताह मानसून की गतिविधियां कमजोर रहने की संभावना है। इस दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने का अनुमान है।
उन्होंने बताया कि पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में 12 सितंबर से बारिश का एक और दौर शुरू होने तथा बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना है। वहीं जोधपुर और बीकानेर संभाग के अधिकांश हिस्सों में अगले एक सप्ताह मौसम मुख्यतः शुष्क रहने का अनुमान है। इस दौरान बीकानेर संभाग के जिलों में दिन के समय 20 से 25 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से सतही हवाएं चल सकती हैं।
रविवार को पूर्वी राजस्थान के अलवर, सीकर, जयपुर, डीग, भरतपुर, दौसा, धौलपुर, बारां, करौली, सवाई माधोपुर, कोटा, झालावाड़, प्रतापगढ़ और उदयपुर जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई। पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर, चूरू और नागौर में भी कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश