राजस्थान में आज से कमजोर होगा मानसून, कई जिलों में रुक-रुककर बरसात

 


जयपुर, 04 अगस्त (हि.स.)। राजस्थान में सक्रिय मानसून के प्रभाव से मंगलवार को भी अलवर, जयपुर, चूरू सहित कई जिलों में रुक-रुककर बारिश का दौर जारी रहा। मौसम विभाग के अनुसार भरतपुर, जयपुर और बीकानेर संभाग के कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। हालांकि आज से मानसून की गतिविधियां कमजोर पड़ने लगेंगी, जबकि 7 अगस्त से एक बार फिर तेज बारिश का दौर शुरू होने की संभावना जताई गई है।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि मानसून ट्रफ लाइन उत्तर की ओर खिसक गई है और प्रदेश के ऊपर बना लो-प्रेशर एरिया कमजोर होकर साइक्लोनिक सर्कुलेशन में बदल गया है। इसके चलते जोधपुर, उदयपुर और कोटा संभाग में बारिश की गतिविधियां कम रहेंगी, जबकि राज्य के उत्तरी और पूर्वी हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है।

सोमवार को जयपुर, चूरू सहित कई जिलों में दो इंच तक बारिश हुई।

चूरू जिले के किरताण गांव में शाम को एक मकान पर आकाशीय बिजली गिरने से मकान का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। ग्रामीणों के अनुसार मकान मालिक बाबूलाल मेघवाल का पूरा परिवार उस समय खेत पर होने के कारण कोई जनहानि नहीं हुई।

मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार इस मानसून सीजन में अब तक प्रदेश के केवल पांच जिलों अजमेर, झुंझुनूं, प्रतापगढ़, सीकर और श्रीगंगानगर में सामान्य या उससे अधिक वर्षा हुई है। वहीं बांसवाड़ा, बारां, बूंदी, डूंगरपुर, जयपुर, झालावाड़, करौली, कोटा, सवाई माधोपुर, सिरोही, उदयपुर, हनुमानगढ़, जैसलमेर, जालोर और पाली सहित कई जिलों में सामान्य वर्षा का 75 प्रतिशत भी पूरा नहीं हो सका है।

पिछले 24 घंटों के दौरान अजमेर के भिनाय में 37 मिमी, रायपुर में 36 मिमी, मसूदा में 29 मिमी, दौसा के सिकराय में 41 मिमी, भरतपुर के जुरहरा में 43 मिमी, नगर में 34 मिमी, जोधपुर के बालेसर में 42 मिमी, अलवर के बहरोड़ में 33 मिमी, कोटकासिम में 28 मिमी तथा श्रीगंगानगर शहर में 62 मिमी बारिश हुई। इसके अलावा मिर्जेवाला में 55 मिमी और सादुलशहर में 50 मिमी वर्षा हुई।

राजधानी जयपुर में मंगलवार सुबह से रुक-रुककर बारिश का सिलसिला जारी रहा। सोमवार को भी शहर के विभिन्न इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जिससे मौसम सुहावना हो गया और लोगों को उमस व गर्मी से राहत मिली। सोमवार को जयपुर का अधिकतम तापमान गिरकर 31.2 डिग्री सेल्सियस मापा गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक हल्की बारिश के बाद 7 अगस्त से प्रदेश के कई हिस्सों में फिर से तेज बारिश की संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित