राजस्थान पुलिस साइबर सिक्योरिटी हैकाथॉन-2026 का आगाज
जयपुर, 28 नवंबर (हि.स.)। साइबर अपराधियों के नए-नए तरीकों से निपटने और पुलिस की जांच प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने के लिए राजस्थान पुलिस ने तकनीकी नवाचार की दिशा में पहल की है। राजस्थान पुलिस और राजस्थान साइबर क्राइम कंट्रोल सेंटर (आर4सी) की ओर से शनिवार को राजस्थान पुलिस अकादमी में दो दिवसीय ‘राजस्थान पुलिस साइबर सिक्योरिटी हैकाथॉन-2026’ का शुभारंभ हुआ। महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा ने इसका उद्घाटन किया। हैकाथॉन में देशभर से आई 35 टीमें लगातार 24 घंटे काम करते हुए साइबर अपराध से जुड़ी पांच प्रमुख चुनौतियों के तकनीकी समाधान विकसित करेंगी।
इन टीमों में साइबर विशेषज्ञ, विद्यार्थी और पुलिसकर्मी शामिल हैं। इनका उद्देश्य ऐसे तकनीकी उपकरण और प्रणालियां तैयार करना है, जिनसे साइबर अपराधों की जांच, रोकथाम और ठगी की रकम की पहचान एवं बरामदगी की प्रक्रिया आसान हो सके। विकसित समाधान पुलिस की कार्यप्रणाली को प्रभावी बनाने के साथ आम नागरिकों के लिए भी उपयोगी साबित हो सकते हैं।
पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने कहा कि साइबर अपराधी लगातार ठगी के नए तरीके अपना रहे हैं। फिशिंग लिंक, फर्जी वेबसाइट, सोशल मीडिया और टेलीग्राम के माध्यम से लोगों को निशाना बनाया जा रहा है। इन चुनौतियों से निपटने के लिए राजस्थान पुलिस तकनीक और नवाचार को अपना रही है। उन्होंने कहा कि साइबर अपराध के साथ युवाओं को नौकरी दिलाने का झांसा देकर अपराध और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों में धकेलने की घटनाएं भी गंभीर चुनौती बन रही हैं। इनसे निपटने के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है। राज्य सरकार के प्रोत्साहन और सहयोग से साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस तंत्र को सुदृढ़ किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में राजस्थान साइबर क्राइम कंट्रोल सेंटर (आर4सी) के गठन की पहल से साइबर अपराध नियंत्रण के प्रयासों को गति मिली है। हैकाथॉन में चुनी गई पांचों समस्याएं अत्यंत प्रासंगिक हैं, क्योंकि इनका प्रभाव पुलिस के साथ आम नागरिकों पर भी पड़ता है। देशभर से आए प्रतिभागियों की तकनीकी दक्षता और अनुभव से इन चुनौतियों के व्यावहारिक समाधान मिलने की उम्मीद है।
डीजीपी शर्मा ने प्रतिभागियों से कहा कि वे ऐसे समाधान विकसित करें, जो केवल अकादमिक अभ्यास तक सीमित न रहें, बल्कि वास्तविक पुलिसिंग में उपयोगी साबित हों। तकनीकी समाधान सरल, व्यावहारिक और किफायती होने चाहिए, ताकि पुलिस के हर स्तर का अधिकारी उन्हें आसानी से समझकर इस्तेमाल कर सके। उन्होंने कहा कि हैकाथॉन में विकसित किसी समाधान की उपयोगिता प्रमाणित होने पर उसे प्रदेशभर में लागू किया जाएगा। इसके लिए संबंधित टीम और संस्थान के योगदान को भी पहचान दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि हैकाथॉन का उद्देश्य युवाओं की प्रतिभा और तकनीकी कौशल को बेहतर पुलिसिंग से जोड़ना है। राजस्थान पुलिस भविष्य में भी तकनीकी विशेषज्ञों और प्रतिभागियों के साथ मिलकर साइबर अपराधों का समाधान तलाशेगी। स्टार्टअप, नवाचार और अन्य तकनीकी अवसरों के माध्यम से प्रतिभागियों को सहयोग एवं मार्गदर्शन देने का भी प्रयास किया जाएगा।
डीजी कानून एवं व्यवस्था संजय कुमार अग्रवाल ने कहा कि साइबर अपराध जैसी व्यापक चुनौती से निपटने के लिए आम नागरिकों, विद्यार्थियों, बैंकों, वित्तीय संस्थानों, शिक्षाविदों और तकनीकी विशेषज्ञों की सामूहिक भागीदारी आवश्यक है। राजस्थान पुलिस ने साइबर प्रशिक्षण, साइबर पुलिस थानों और साइबर क्राइम कंट्रोल सेंटर के माध्यम से अपनी क्षमताओं का विकास किया है। इसके साथ जन जागरूकता और विभिन्न संस्थाओं के बीच समन्वय भी महत्वपूर्ण है।
अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस वी.के. सिंह ने कहा कि साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में नवाचार, तार्किक सोच और ईमानदारी से किए गए प्रयासों की अहम भूमिका है। उन्होंने प्रतिभागियों को समर्पण और रचनात्मकता के साथ समस्याओं के समाधान खोजने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने हैकाथॉन के उद्देश्यों के साथ साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए राजस्थान पुलिस के प्रयासों और भावी कार्य योजनाओं की जानकारी भी दी।
पुलिस अधीक्षक साइबर क्राइम सुमित मेहरड़ा ने बताया कि हैकाथॉन में साइबर अपराध से जुड़ी पांच प्रमुख चुनौतियां रखी गई हैं। इनमें स्कैम संदेशों और फिशिंग लिंक की पहचान, वित्तीय अपराधों एवं धन के लेन-देन की कड़ी का विश्लेषण, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित सीडीआर-आईपीडीआर विश्लेषण प्रणाली, सोशल मीडिया एवं टेलीग्राम की निगरानी तथा एटीएम फुटेज का विश्लेषण शामिल है। इन सभी विषयों पर टीमें ऐसे तकनीकी उपकरण और प्रणालियां विकसित करेंगी, जिनसे पुलिस की जांच प्रक्रिया तेज और प्रभावी हो सके।
हैकाथॉन में जयपुर, सूरतगढ़, पुणे, पंजाब, झारखंड, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, गुजरात, दिल्ली, पटना और तमिलनाडु सहित देश के विभिन्न हिस्सों से 35 टीमें भाग ले रही हैं।
आयोजन के दौरान साइबर सुरक्षा से जुड़े तकनीकी समाधानों की प्रदर्शनी भी लगाई गई है। इसमें एआई आधारित साइबर समाधान, ओपन सोर्स इंटेलिजेंस, फॉरेंसिक विज्ञान और आंकड़ा विश्लेषण से संबंधित तकनीकों का प्रदर्शन किया गया। इसके साथ ही कैप्चर द फ्लैग प्रतियोगिता भी आयोजित की गई।
कार्यक्रम में राजस्थान पुलिस और बैंकिंग क्षेत्र के वरिष्ठ अधिकारियों, तकनीकी एवं साइबर विशेषज्ञों तथा विभिन्न महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने भाग लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश