राजस्थान को ग्लोबल वेडिंग-इवेंट डेस्टिनेशन बनाने पर मंथन

 


जयपुर, 30 अगस्त (हि.स.)। राजस्थान की शाही विरासत, किले-महल, लोक कला, संस्कृति और आतिथ्य को ग्लोबल वेडिंग एवं इवेंट इंडस्ट्री से जोड़ने पर फेडरेशन ऑफ राजस्थान इवेंट मैनेजर्स (फोरम) के 13वें वार्षिक कन्वेंशन ‘इवेंटस्थान 2026’ में मंथन हुआ। टोंक रोड स्थित होटल अनंतरा ज्वेल बाग में 30-31 अगस्त को आयोजित कन्वेंशन में देशभर से 400 से अधिक इवेंट मैनेजर्स व इंडस्ट्री प्रोफेशनल्स शामिल हुए।

उद्घाटन पूर्व अध्यक्ष महावीर प्रताप शर्मा, हरप्रीत बग्गा, मोहित माहेश्वरी, अरशद हुसैन और ईमा अध्यक्ष दीपक चौधरी ने दीप प्रज्वलित कर किया। फोरम अध्यक्ष हितेन्द्र शर्मा ने कहा कि राजस्थान की विरासत और आतिथ्य को आधुनिक इवेंट मैनेजमेंट से जोड़कर प्रदेश को अंतरराष्ट्रीय वेडिंग एवं इवेंट डेस्टिनेशन बनाया जा सकता है।

फोरम सचिव भुवनेश अग्रवाल ने बताया कि ‘राजस्थान- ट्रेडिशन से ट्रांसफॉर्मेशन’ सत्र में राजस्थान लघु उद्योग निगम के पूर्व चेयरमैन राजीव अरोड़ा ने विरासत, कला, शिल्प और लोक संस्कृति को आधुनिक सोच, नवाचार व कारोबारी अवसरों से जोड़ने पर जोर दिया। तकनीक, नए बिजनेस मॉडल, डेस्टिनेशन वेडिंग और युवा प्रोफेशनल्स के अवसरों पर भी चर्चा हुई। कार्यक्रम में नेटवर्किंग के साथ पुरु लाइव बैंड की प्रस्तुति ने समां बांधा। आयोजकों के अनुसार कन्वेंशन ने वेडिंग, टूरिज्म, हॉस्पिटैलिटी और इवेंट सेक्टर के लिए नए अवसरों पर संवाद का मंच उपलब्ध कराया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश