राजस्थान के कई जिलों में झमाझम बारिश, तीन जिलों में आज ऑरेंज अलर्ट

 




जयपुर, 08 जुलाई (हि.स.)। राजस्थान में मानसून का असर लगातार बना हुआ है। मंगलवार को डूंगरपुर, अजमेर, बांसवाड़ा, बूंदी, अलवर, प्रतापगढ़ और कई अन्य जिलों में अच्छी बारिश हुई। प्रदेश के कई क्षेत्रों में तीन इंच तक वर्षा होने से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली, जबकि पश्चिमी राजस्थान के कुछ जिलों में अब भी गर्मी का असर बना हुआ है। मौसम विभाग ने बुधवार (8 जुलाई) के लिए तीन जिलों में भारी बारिश और आंधी का ऑरेंज अलर्ट तथा दो जिलों को छोड़कर पूरे प्रदेश में यलो अलर्ट जारी किया है।

विभाग के अनुसार 11 जुलाई से प्रदेश में मौसम साफ होने की संभावना है।

पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक वर्षा डूंगरपुर जिले के वेंजा में 70 मिमी हुई। इसके अलावा ओबरी में 51 मिमी, धम्बोला में 34 मिमी और देवल में 32 मिमी बारिश हुई। अलवर के नीमराणा में 52 मिमी, प्रतापगढ़ के अरनोद में 21 मिमी, छोटी सादड़ी में 22 मिमी और सुहागपुरा में 20 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। सवाई माधोपुर, दौसा, भरतपुर, अजमेर और बांसवाड़ा सहित कई जिलों में दो इंच तक बारिश हुई, जबकि अन्य क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश मापी गई।

नागौर में पांच दिन की देरी के बाद मंगलवार रात करीब आठ बजे मानसून ने दस्तक दी।

देर रात तक रुक-रुककर बारिश का दौर जारी रहा, जिससे लंबे इंतजार के बाद लोगों को राहत मिली। बारिश के बावजूद पश्चिमी राजस्थान के कई जिलों में गर्मी और उमस का असर बना रहा। श्रीगंगानगर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस मापा गया। बीकानेर में 41.8, चूरू में 41, जैसलमेर में 40.6, फलोदी में 40.2, हनुमानगढ़ में 39.4 और पिलानी में 39.2 डिग्री सेल्सियस तापमान मापा गया। वहीं अजमेर, सिरोही और डूंगरपुर में अधिकतम तापमान 40 डिग्री से नीचे रहा।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार पूर्वी भारत में बना डिप्रेशन अब कमजोर होकर दक्षिण-पूर्वी मध्य प्रदेश के ऊपर वेल मार्क लो प्रेशर क्षेत्र में बदल गया है। अगले 24 घंटों में इसके और कमजोर होने की संभावना है।

इसके प्रभाव से प्रदेश के कुछ हिस्सों में अगले दो से तीन दिन तक मानसून सक्रिय रहेगा तथा अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम और कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग ने अगले दो-तीन दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना जताई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित