राजस्थान के 25 जिलों तक पहुंचा मानसून, जयपुर समेत कई शहरों में झमाझम बारिश

 


जयपुर, 03 जुलाई (हि.स.)। राजस्थान में देरी से सक्रिय हुआ मानसून अब तेजी से आगे बढ़ रहा है। पिछले दो दिनों में मानसून ने पूर्वी राजस्थान के अधिकांश हिस्सों को कवर कर लिया है और अब तक प्रदेश के 25 जिलों में इसकी दस्तक हो चुकी है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो से चार दिनों में जोधपुर और बीकानेर संभाग के शेष क्षेत्रों में भी मानसून पहुंच जाएगा। शुक्रवार को जयपुर सहित प्रदेश के करीब एक दर्जन शहरों में हल्की से भारी बारिश दर्ज की गई, जबकि जैसलमेर में धूलभरी आंधी चली।

मौसम विज्ञान केंद्र, जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि शुक्रवार को मानसून उदयपुर, अजमेर और जयपुर संभाग के कुछ और क्षेत्रों में आगे बढ़ा है। वर्तमान में मानसून की उत्तरी सीमा उदयपुर, अजमेर और झुंझुनूं जिलों से होकर गुजर रही है। उन्होंने कहा कि आगामी तीन से चार दिनों में प्रदेश के शेष अधिकांश भागों में भी मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।

मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को जयपुर, अजमेर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, डबोक, जोधपुर, बीकानेर, नागौर, डूंगरपुर सहित कई स्थानों पर वर्षा दर्ज की गई। पूर्वी राजस्थान में कई स्थानों पर मेघगर्जन, तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश तथा कुछ स्थानों पर भारी वर्षा हुई। वहीं पश्चिमी राजस्थान में भी कहीं-कहीं झोंकेदार हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। प्रदेश में गर्मी का असर अभी पूरी तरह कम नहीं हुआ है। छह शहरों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर और पांच शहरों में न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। जैसलमेर और बीकानेर सबसे गर्म रहे, जहां अधिकतम तापमान 43 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

बारिश के कारण कई जिलों में जनजीवन भी प्रभावित हुआ। चित्तौड़गढ़ जिले में 12 घंटे के दौरान ढाई इंच तक वर्षा हुई। निंबाहेड़ा और कपासन क्षेत्र में भारी बारिश से हालात बिगड़ गए। बांसवाड़ा शहर में सुबह हुई मूसलाधार बारिश से कई निचले इलाकों में जलभराव हो गया। टोंक जिले के चांदसेन वर्षामापी केंद्र पर 24 घंटे में 64 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। बीसलपुर बांध के जलग्रहण क्षेत्र में हुई बारिश से बांध के जलस्तर में 24 घंटे के दौरान दो सेंटीमीटर की वृद्धि दर्ज की गई। शुक्रवार सुबह छह बजे तक बांध का जलस्तर 313.57 आरएल मीटर पहुंच गया।

राजधानी जयपुर में पिछले 24 घंटे के दौरान सवा इंच बारिश रिकॉर्ड की गई। तेज बारिश के कारण सवाई मानसिंह (एसएमएस) अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में पानी भर गया, जिसके चलते मरीजों को अन्य स्थानों पर स्थानांतरित करना पड़ा। वहीं ऑपरेशन थिएटर के पास कॉरिडोर की फॉल सीलिंग का एक हिस्सा भी गिर गया। गुरुवार देर रात हुई बारिश से शहर के न्यूनतम तापमान में करीब चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। शुक्रवार को दिनभर रुक-रुक कर बारिश और धूप का सिलसिला जारी रहा। जयपुर का अधिकतम तापमान 34 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 22.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश