राजस्थान के 17 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट, उत्तर-पूर्वी हिस्सों में तेज वर्षा की संभावना
जयपुर, 05 अगस्त (हि.स.)। राजस्थान में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। भरतपुर, बीकानेर और जयपुर संभाग सहित प्रदेश के कई हिस्सों में मंगलवार को अच्छी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने बुधवार (5 अगस्त) के लिए 17 जिलों में यलो अलर्ट जारी करते हुए मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटे में पश्चिमी राजस्थान में कहीं-कहीं तथा पूर्वी राजस्थान में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई। डीग जिले में भारी वर्षा दर्ज की गई। सर्वाधिक 66 मिमी वर्षा डीग जिले के रारह क्षेत्र में रिकॉर्ड की गई।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पूर्वी राजस्थान के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण (साइक्लोनिक सर्कुलेशन) के प्रभाव से अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के उत्तर-पूर्वी जिलों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। विभाग ने 7 और 8 अगस्त को कोटा और भरतपुर संभाग के कुछ जिलों में कहीं-कहीं भारी से अति भारी वर्षा का भी पूर्वानुमान जारी किया है। पिछले 24 घंटे के दौरान हनुमानगढ़, भरतपुर, झुंझुनूं, करौली, अलवर, श्रीगंगानगर, सीकर तथा जयपुर के आसपास के क्षेत्रों में अच्छी वर्षा हुई। कई स्थानों पर दो इंच तक बारिश दर्ज की गई।
बारिश और तेज हवाओं के कारण उत्तर-पूर्वी राजस्थान में उमस और गर्मी से राहत मिली। श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, दौसा, पिलानी और अलवर में अधिकतम तापमान में करीब पांच डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई। वहीं पश्चिमी और दक्षिणी राजस्थान में वर्षा गतिविधियां कम रहने तथा मौसम साफ रहने से तापमान में बढ़ोतरी हुई। मंगलवार को प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस डूंगरपुर में दर्ज किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अखिल