राजभाषा पखवाड़े में हिंदी के प्रति रेलकर्मियों में दिखा उत्साह

 


अजमेर मंडल पर आयोजित समापन समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को प्रदान किए प्रशस्ति-पत्र

अजमेर, 30 सितम्बर (हि.सं.)। अजमेर मंडल में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग और राजभाषा के प्रति जागरुकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित राजभाषा पखवाड़ा-2026 का बुधवार को समापन हुआ। मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा की अध्यक्षता में आयोजित समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में पखवाड़े के दौरान आयोजित विभिन्न हिंदी प्रतियोगिताओं के विजेताओं सहित हिंदी में प्रशंसनीय कार्य करने वाले तथा विभिन्न प्रोत्साहन योजनाओं के लिए पात्र करीब 90 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

अजमेर मंडल पर 14 से 30 सितम्बर तक आयोजित राजभाषा पखवाड़े के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए प्रश्नोत्तरी, हिंदी निबंध, टिप्पणी एवं प्रारूप लेखन, हिंदी वाक् तथा कविता पाठ सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। मंडल कार्यालय के साथ-साथ विभिन्न स्टेशनों के कर्मचारियों ने इनमें उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके अतिरिक्त कर्मचारियों के लिए दो दिवसीय ऑनलाइन दैनिक क्विज प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें मंडल कार्यालय एवं विभिन्न स्टेशनों से करीब 165 कर्मचारियों ने भाग लिया।

पखवाड़े के दौरान 23 सितम्बर को राष्ट्रकवि रामधारी सिंह ‘दिनकर’ की जयंती भी मनाई गई। वहीं रेलकर्मियों के लिए ‘मानसिक अवसाद-कारण एवं निवारण’ विषय पर हिंदी कार्यशाला आयोजित की गई, जिसमें करीब 140 अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सहभागिता की। कर्मचारियों को कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के प्रभावी उपयोग के लिए यूनिकोड एवं राजभाषा टूल्स संबंधी टेबल ट्रेनिंग भी दी गई। इसके साथ ही हिंदी प्रगति की समीक्षा एवं अधिकाधिक कार्य हिंदी में करने के लिए कर्मचारियों के साथ व्यक्तिगत संपर्क कार्यक्रम आयोजित किए गए।

रेल मंत्रालय के निर्देशानुसार अजमेर मंडल के तीन प्रमुख स्टेशनों अजमेर, उदयपुर सिटी एवं आबूरोड पर भी राजभाषा पखवाड़ा उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस दौरान कर्मचारियों को राजभाषा प्रतिज्ञा दिलाई गई तथा हिंदी निबंध, टिप्पणी एवं आलेखन, राजभाषा प्रश्नोत्तरी सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। स्टेशनों पर हिंदी कार्यशालाओं एवं टेबल ट्रेनिंग के माध्यम से कर्मचारियों को राजभाषा संबंधी टूल्स की जानकारी दी गई तथा हिंदी में कार्यालयीन कार्यों को बढ़ावा देने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

समापन समारोह में मंडल रेल प्रबंधक ने राजभाषा के महत्व को रेखांकित करते हुए हिंदी के अधिकाधिक और सहज प्रयोग के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रोत्साहित किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष