राजभाषा पखवाड़े का समापन, 59 प्रतिभागी सम्मानित
जोधपुर, 06 नवम्बर (हि.स.)। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में आयोजित राजभाषा पखवाड़े का समापन समारोह शुक्रवार को मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। समारोह में हिंदी प्रतियोगिताओं के विजेताओं एवं वर्षभर हिंदी में उत्कृष्ट कार्य करने वाले रेलकर्मियों को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
समारोह का विशेष आकर्षण रेलकर्मियों के बच्चों की सहभागिता रही। हिंदी श्रुतलेख प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 11 बच्चों को मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने मंच पर सम्मानित किया। उन्होंने बच्चों से आत्मीय संवाद करते हुए उनकी प्रतिभा की सराहना की तथा उन्हें हिंदी साहित्य पढऩे, हिंदी भाषा का अधिकाधिक प्रयोग करने और अपनी मातृभाषा पर गर्व करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर डीआरएम अनुराग त्रिपाठी ने अपने संबोधन में जीवन के प्रेरक अनुभव साझा करते हुए बताया कि उनकी प्रारंभिक एवं उच्च शिक्षा हिंदी माध्यम से हुई है तथा उन्होंने संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा भी हिंदी माध्यम से उत्तीर्ण की है। उन्होंने कहा कि हिंदी किसी भी दृष्टि से दुनिया की अन्य भाषाओं से कमतर नहीं है। हिंदी हमारी माता है और हम सब इसके पुत्र हैं। उन्होंने अपने विदेश प्रवास के अनुभव साझा करते हुए बताया कि अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी उन्होंने विदेशी प्रतिनिधियों को हिंदी में संबोधित कर राजभाषा का गौरव बढ़ाया है।
समारोह में कुल 18 रेल कर्मचारियों को विभिन्न हिंदी प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए, 11 बच्चों को हिंदी श्रुतलेख प्रतियोगिता में तथा वर्षभर हिंदी में सर्वाधिक एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले 30 कार्मिकों को सम्मानित किया गया। इस प्रकार कुल 59 प्रतिभागियों एवं कार्मिकों को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार प्रदान किए गए।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश