राजकीय कॉलेजों में एडमिशन 15 मई तक
जोधपुर, 02 मई (हि.स.)। शहर के पांचों राजकीय कॉलेजों में सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। छात्र-छात्राएं 15 मई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। इस बार नई नीति में छात्रों को कई बड़ी राहतें दी गई हैं। फीस जमा नहीं करने के कारण डिफॉल्टर हुए विद्यार्थियों को अंतिम चरण में खाली सीटों पर दोबारा मौका मिलेगा। प्रमोट नहीं हो पाए या फेल छात्रों को भी अतिरिक्त सीटों पर प्रवेश की सुविधा दी जाएगी, जिससे उनका साल खराब न हो।
आवेदन प्रक्रिया को आसान बनाते हुए अब डिजिलॉकर या इंटरनेट से प्राप्त अंकतालिकाएं भी मान्य होंगी। साथ ही दो साल के गैप की अनिवार्यता खत्म कर दी गई है, जिससे शिक्षा अधिक लचीली बनेगी। राजकीय कॉलेज चौपासनी हाउसिंग बोर्ड के प्राचार्य प्रो. अरुण व्यास ने बताया कि परंपरागत कोर्सेज के साथ ही चुनिंदा कॉलेजों में व्यावसायिक कोर्स में भी प्रवेश मिलेगा। कॉलेजों में नियमित कक्षाएं 1 जुलाई से शुरू होंगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश