राईका बाग-जैसलमेर रेलखंड पर 713 करोड़ से बदलेगी 291 किलाेमीटर लंबी रेल पटरी

 


268 किमी में पूरी रेल पटरी का होगा नवीनीकरण, 23 किमी में बदले जाएंगे स्लीपर

जोधपुर, 25 अगस्त (हि.स.)। सामरिक और आध्यात्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण राईका बाग-जैसलमेर रेलखंड के लिए रेलवे ने बड़ा कदम उठाया है। करीब 713 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से 291 किलोमीटर लंबे रेलखंड की पटरी का व्यापक नवीनीकरण किया जाएगा। परियोजना को कार्य स्वीकृति मिल चुकी है। इसके तहत पुराने रेल पथ को बदलकर नया और मजबूत रेल पथ तैयार किया जाएगा।

उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि पूरे कार्य में 268 किलोमीटर रेल लाइन की पूरी पटरी का नवीनीकरण किया जाएगा, जबकि 23 किलोमीटर हिस्से में पुराने स्लीपरों को नए स्लीपरों से बदला जाएगा। इससे रेल पथ की मजबूती बढ़ेगी और ट्रेनों के सुरक्षित एवं सुचारू संचालन में मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि राईका बाग से मारवाड़ बीठड़ी तक शून्य से 160 किलोमीटर के हिस्से में पूरी रेल पटरी का नवीनीकरण किया जाएगा। इसके बाद 160 से 183 किलोमीटर तक 23 किलोमीटर हिस्से में स्लीपरों का नवीनीकरण होगा।

वहीं 183 से 291 किलोमीटर तक 108 किलोमीटर रेल लाइन की पूरी पटरी बदली जाएगी। इसी तरह राईका बाग से जैसलमेर तक पूरे 291 किलोमीटर रेलखंड में पुराने रेल पथ को चरणबद्ध तरीके से मजबूत किया जाएगा। रेल पटरी के साथ आवश्यकतानुसार स्लीपर तथा रेल पथ के अन्य घटकों का भी नवीनीकरण किया जाएगा।

परियोजना के तहत राईका बाग से मारवाड़ बीठड़ी तक 160 किलोमीटर रेल लाइन के नवीनीकरण कार्य का टेंडर जारी किया जा चुका है। इससे इस महत्वपूर्ण परियोजना के धरातल पर शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है। शेष हिस्सों के कार्य भी निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आगे बढ़ाए जाएंगे। जैसलमेर क्षेत्र सामरिक दृष्टि से देश के लिए महत्वपूर्ण है। इसके साथ ही जैसलमेर देश-दुनिया के पर्यटकों और श्रद्धालुओं के लिए भी प्रमुख केंद्र है। ऐसे में राईका बाग-जैसलमेर रेलखंड के नवीनीकरण से इस मार्ग की मजबूती,विश्वसनीयता और परिचालन क्षमता में बढ़ोतरी होगी। मजबूत रेल पथ भविष्य में इस मार्ग पर बढऩे वाले यातायात के लिए भी महत्वपूर्ण आधार बनेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश