रणथंभौर में गूंजेगी बाघ संरक्षण की आवाज: 26 जून से इंटरनेशनल टाइगर वीक
जयपुर, 24 जून (हि.स.)। बाघ संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और वन्यजीव संरक्षण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर मंथन के उद्देश्य से लिव4फ्रीडम एलएलपी की ओर से 5वें रॉयल रणथंभौर इंटरनेशनल टाइगर वीक (आईटीडब्ल्यू) का आयोजन 26 से 28 जून तक सवाई माधोपुर के आमाघाटी वाइल्डलाइफ रिजॉर्ट और कैसल झूमर बावड़ी में किया जाएगा। इस वर्ष आयोजन की थीम ‘कंजर्व इंडियाज़ फाइनेस्ट टाइगर्स’ रखी गई है।
लिव4फ्रीडम के पार्टनर आनंद भारद्वाज और सुनील मंगल ने बताया कि यह मंच संरक्षण, सरकार, पर्यटन, व्यवसाय और नागरिक समाज से जुड़े प्रमुख लोगों को एक साथ लाकर भारत के बाघों के भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में संवाद और सहयोग को बढ़ावा देगा।
इस कार्यक्रम के पहले दिन दिल्ली हाईकोर्ट के पूर्व न्यायाधीश धर्मेश शर्मा और पंजाब के पूर्व राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के पूर्व प्रशासक वी.पी. सिंह बदनौर के स्वागत उद्बोधन के साथ शुरुआत होगी। इसके बाद प्रसिद्ध संरक्षण विशेषज्ञ, लेखिका और फोटोग्राफर डॉ. लतिका नाथ ‘भारत के बाघों का भविष्य: संकट, पुनर्वास और दीर्घकालिक अस्तित्व’ विषय पर विचार रखेंगी। वहीं वाइल्ड लाइफ कंजर्वेशन ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं सीईओ डॉ. अनिश अंधेरिया ‘इंसानों के वर्चस्व वाले इलाकों में बाघ’ विषय पर चर्चा करेंगे। वन्यजीव विशेषज्ञ एवं सफारी गाइड विजय सिंह मीणा बाघों से जुड़े रोचक अनुभव साझा करेंगे। कार्यक्रम में देश के चर्चित बाघों ‘डॉलर’, ‘चार्जर’, ‘पारो’, ‘कॉलरवाली’, ‘मछली’ और ‘माया’ पर विशेष संवाद सत्र भी आयोजित होगा।
दूसरे दिन अभिनेता, पटकथा लेखक और निर्माता राहुल सिंह बाघ संरक्षण में सिनेमा की भूमिका पर प्रकाश डालेंगे। वाइल्डलाइफ एसओएस के सह-संस्थापक एवं सीईओ कार्तिक सत्यनारायण संरक्षण के उपायों पर चर्चा करेंगे। वहीं ‘जिम्मेदार सफारी: अधिकार, नियम और सम्मान’ विषय पर आउटलुक ट्रैवलर की डिजिटल एडिटर अंतारा चटर्जी, इंडिट एसोसिएट्स के पार्टनर अभिषेक कुमार, क्लाइमेट बॉन्ड्स की साउथ एशिया हेड नेहा कुमार और मंडावा ग्रुप ऑफ होटल्स के डायरेक्टर कुंवर अंगद देव अपने विचार रखेंगे।
इस कार्यक्रम के दौरान कंजर्वेशन अवॉर्ड्स समारोह का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें वन्यजीव संरक्षण और पर्यावरणीय सरोकारों को बढ़ावा देने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं को सम्मानित किया जाएगा। पुरस्कार 11 श्रेणियों में दिए जाएंगे, जिनमें टाइगर रिजर्व ऑफ द ईयर, मुख्यमंत्री ऑफ द ईयर-वाइल्डलाइफ लीडरशिप अवॉर्ड, वाइल्डलाइफ वार्डन ऑफ द ईयर, एंटी-पोचिंग एक्सीलेंस अवॉर्ड, कॉर्पोरेट लीडरशिप इन कंजर्वेशन, कंजर्वेशनिस्ट ऑफ द ईयर और लाइफटाइम अचीवमेंट इन वाइल्डलाइफ कंजर्वेशन जैसे सम्मान शामिल हैं। पुरस्कारों का चयन प्रतिष्ठित जूरी द्वारा किया जाएगा, जिसकी अध्यक्षता पूर्व राज्यपाल वी.पी. सिंह बदनौर करेंगे।
इसके अलावा राष्ट्रीय स्तर की वाइल्ड लाइफ फोटोग्राफी प्रतियोगिता और टाइगर कंजर्वेशन पेंटिंग प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी। साथ ही वन संरक्षण की अग्रिम पंक्ति में कार्यरत वन कर्मियों के योगदान को सम्मानित करने के लिए विशेष कल्याणकारी पहल भी चलाई जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश