रंगारंग कार्यक्रमों के साथ 70वीं जिला स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता शुरू
204 स्कूलों की 739 छात्राएं 4 दिन तक दिखाएंगी दमखम, 17 व 19 वर्ष आयु वर्ग में होंगे खेल
जोधपुर, 09 अक्टूबर (हि.स.)। तिंवरी के गीता धाम गुरुकुल में शुक्रवार को 17 और 19 वर्ष आयु वर्ग की छात्राओं के लिए 70वीं जिला स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता शुरू हुई। इसमें जिले के 204 स्कूलों की कुल 739 छात्राएं हिस्सा ले रही हैं, जिनमें 17 वर्ष आयु वर्ग के 111 और 19 वर्ष आयु वर्ग के 93 स्कूलों की छात्राएं शामिल हैं।
प्रतियोगिता का उद्घाटन तिंवरी नगरपालिका अध्यक्ष लक्ष्मण कालकर ने ध्वजारोहण कर किया। इस दौरान पार्षद श्रवण सिंह, हेम सिंह, दिलीप गोयल, शारीरिक शिक्षा जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. भूपेंद्र सिंह और तिंवरी पुलिस चौकी प्रभारी प्यारेलाल चौधरी मौजूद रहे। शारीरिक शिक्षा जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. भूपेंद्र सिंह ने गीता धाम गुरुकुल में की गई व्यवस्थाओं की सराहना की।
आयोजन को व्यवस्थित बनाने में कुंदन सिंह राठौड़, मनीष भाटी, शांति चौधरी और ऊषा भाटिया ने विशेष सहयोग दिया। कार्यक्रम का संचालन गुरुकुल के उपप्रधानाचार्य सुनील दत्त बिस्सा ने किया। गीता धाम के अधीक्षक खुशाल सिंह, प्रशासक निरंजन कुमार और प्राचार्य कैलाश दान ने अतिथियों का स्वागत किया।
उद्घाटन अवसर पर गुरुकुल की छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी पेश किए। यह प्रतियोगिता चार दिन तक चलेगी, जिसमें छात्राएं विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाओं में अपनी खेल प्रतिभा दिखाएंगी। इससे उन्हें अपनी क्षमताएं प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश