युवाओं के लिए फैशन फील्ड में अपार संभावनाएं और अवसर: कश्यप

 


निफ्ट का चिंतन शिविर आयोजित, विभिन्न मुद्दों पर मंथन

जोधपुर, 15 फरवरी (हि.स.)। वस्त्र मंत्रालय के राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान का बुधवार को जोधपुर में चिंतन शिविर का आयोजन किया गया। चिंतन शिविर में निफ्ट महानिदेशक आईएएस तनु कश्यप की अध्यक्षता में विभिन्न मुद्दों पर मंथन किया गया। इस मौके पर आईएएस तनु कश्यप ने फैशन फील्ड में गरिमा, नैतिक उत्तरदायित्व तथा समावेशी भविष्य को आगे बढ़ाने के लिए मानव-केन्द्रित शिक्षा और मशीन लर्निंग के महत्व पर विशेष रूप से बल दिया।

फैशन फील्ड की अवसर और संभावनाओं के बारे में चर्चा करते हुए फैशन में एआई से आ रहे परिवर्तनों को देश के युवाओं के बीच ले जाने की बात भी कहीं, जिससे भारत के युवा डिजिटल युग में विश्व स्तर पर अपनी छाप छोड़ सकें। उन्होंने मानव सृजनात्मकता को सशक्त बनाने के लिए फैशन क्षेत्र में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के सार्थक एकीकरण की आवश्यकता पर प्रकाश डाला।

महानिदेशक तनु कश्यप ने संस्थान की विदेश में उपस्थिति मॉडल, प्लेसमेंट को मजबूत करना, प्रवेश, कार्यक्रम संरचना और कोर्स कैरीकूलम बेंचमार्किंग, उद्यमिता और एमपावरमेंट विषय पर गहन चिंतन किया। शिविर में देशभर से एनआईएफटी के 20 संस्थानों के डायरेक्टर और प्रतिनिधि मौजूद रहें। निफ्ट की डीन एकेडमिक डॉ नूपुर आनंद ने इस मौके पर कहा कि हम युवाओं को सिर्फ जॉब ही नहीं रहे है, अपितु हम युवाओं को पहचान और पर्सनलिटी दे रहे है, जिससे हमारा युवा दुनियाभर में जाना जा रहा है।

निफ्ट जोधपुर के निदेशक प्रो. जीएचएस प्रसाद ने बताया कि यह शिविर शैक्षणिक और प्रशासनिक स्तर पर सभी हितधारकों को एक साथ लाता है, इसमें समावेशी, स्थायी एवं सामाजिक रूप से प्रभावशाली डिज़ाइन शिक्षा और पद्धति को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश