यात्री सुविधाओं, रेल विकास एवं जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर हुआ व्यापक विचार-विमर्श
कोटा, 23 जुलाई (हि.स.)। पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल में मंडल रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति (डीआरयूसीसी) की 150वीं बैठक मंडल रेल प्रबंधक अनिल कालरा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में यात्री सुविधाओं के विस्तार, रेल सेवाओं के सुदृढ़ीकरण, स्टेशन विकास तथा क्षेत्रीय आवश्यकताओं से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में विभिन्न औद्योगिक, व्यापारिक एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों एवं राज्य सरकार की अनुशंसा पर नामित कुल 12 सदस्यों ने भाग लिया। इनमें अनुराग गर्ग (फेडरेशन ऑफ राजस्थान ट्रेड एंड इंडस्ट्रीज़, भरतपुर), प्रेम भाटिया (भाटिया एंड कंपनी, कोटा), रणजीत कुमार (अडानी पावर राजस्थान लिमिटेड, सालपुरा), देवकी नंदन बंसल (व्यापार मंडल धान मंडी, बारां), योगेंद्र मणि कौशिक (अपना घर आश्रम, कोटा), मोहम्मद हुसैन (वतन फाउंडेशन, सवाई माधोपुर), रमेश चंद्र नागर (आदर्श दिव्यांगजन सेवा संस्था/राजस्थान दृष्टिहीन निःशक्तजन सेवा समिति, कोटा), धीरज गुप्ता (सांसद दुष्यंत सिंह की अनुशंसा पर नामित), संजय कुमार धाकड़ (सांसद डॉ. दामोदर अग्रवाल की अनुशंसा पर नामित), विनोद मल्होत्रा (अतिरिक्त जिला कलेक्टर, कोटा शहर), शिव दत्त धाकड़ (रेलवे बोर्ड की अनुशंसा पर नामित) तथा नंदन जैन (सांसद अनिल फिरोजिया की अनुशंसा पर नामित) शामिल हुए।
बैठक के दौरान समिति के सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े विभिन्न जनहित एवं रेल विकास संबंधी विषयों पर सुझाव प्रस्तुत किए। इनमें यात्री सुविधाओं का विस्तार, नई रेल लाइनों एवं नई ट्रेनों की आवश्यकता, स्टेशनों पर प्रतीक्षालय सुविधाओं का उन्नयन, दिव्यांगजन-अनुकूल सुविधाओं में वृद्धि, स्टेशन विकास कार्यों में तेजी, नए गुड्स शेड्स का निर्माण, माल परिवहन सुविधाओं के विस्तार तथा अन्य स्थानीय आवश्यकताओं से संबंधित प्रस्ताव प्रमुख रहे।
मंडल रेल प्रबंधक अनिल कालरा ने समिति के सदस्यों द्वारा दिए गए सभी सुझावों एवं प्रस्तावों पर सकारात्मक विचार करते हुए उन्हें नियमानुसार परीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि रेल प्रशासन यात्रियों की सुविधाओं में निरंतर सुधार तथा क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप रेल सेवाओं के विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव