यंगथॉन 2026 में कोटा के रेलकर्मियों का शानदार प्रदर्शन, घासीराम मीणा प्रथम
कोटा, 25 अक्टूबर (हि.स.)। कोटा में रविवार, 25 अक्टूबर को आयोजित यंगथॉन 2026 की 10 किलोमीटर दौड़ में पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल के दो रेलकर्मियों ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। रेलवे वर्कशॉप कोटा में मशीन शॉप के टेक्नीशियन प्रथम घासीराम मीणा ने 41 से 50 वर्ष आयु वर्ग में प्रथम स्थान, जबकि परिचालन विभाग में मुख्य कार्यालय अधीक्षक सयानारायण मालव ने 51 से 60 वर्ष आयु वर्ग में चौथा स्थान प्राप्त किया।
घासीराम मीणा ने 10 किलोमीटर की दौड़ मात्र 37 मिनट 24 सेकंड में पूरी कर अपने आयु वर्ग में प्रथम स्थान हासिल किया। इसी प्रतियोगिता में कोटा मंडल के परिचालन विभाग में मुख्य कार्यालय अधीक्षक के पद पर कार्यरत 59 वर्षीय सयानारायण मालव ने भी अपनी खेल प्रतिभा और फिटनेस का परिचय देते हुए 10 किलोमीटर दौड़ 48 मिनट में पूर्ण कर 51 से 60 वर्ष आयु वर्ग में चौथा स्थान प्राप्त किया।
कोटा में आयोजित यंगथॉन 2026 की थीम ‘रन फॉर एजुकेशन’ रही। घासीराम मीणा एवं सयानारायण मालव इससे पूर्व भी विभिन्न मैराथन एवं दौड़ प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रेलवे का नाम रोशन कर चुके हैं। दोनों रेलकर्मियों की इस उपलब्धि पर रेलवे अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उन्हें बधाई देते हुए आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव