मुख्य सचिव से मुलाकात कर राजस्थान नर्सेज एसोसिएशन ने सौंपा ज्ञापन

 


जोधपुर, 05 सितम्बर (हि.स.)। राजस्थान नर्सेज एसोसिएशन जोधपुर शहर के अध्यक्ष जगदीश जाट के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास से मुलाकात कर विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। इस दौरान एसोसिएशन की ओर से मुख्य सचिव का साफा एवं दुपट्टा पहनाकर आत्मीय स्वागत किया गया। प्रतिनिधिमंडल ने चिकित्सा एवं नर्सिंग क्षेत्र से जुड़े कर्मचारियों की समस्याओं तथा प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के संबंध में विस्तार से चर्चा की। ज्ञापन में आगामी नर्सिंग भर्ती को पूर्व की भांति मेरिट एवं बोनस अंकों के आधार पर आयोजित करवाने तथा नर्सिंग के 12 हजार पद एवं पैरामेडिकल के 4 हजार पद भरने की मांग प्रमुखता से रखी गई। इसके साथ ही मथुरा दास माथुर अस्पताल (एमडीएम) में लगातार बढ़ते मरीजों के दबाव, विभागों की संख्या एवं बढ़ते कार्यभार को देखते हुए कुछ महत्वपूर्ण एवं विशिष्ट विभागों को महात्मा गांधी अस्पताल में शिफ्ट करने की मांग भी रखी गई, ताकि दोनों अस्पतालों पर मरीजों का दबाव संतुलित हो सके और चिकित्सा सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाया जा सके।

प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश में स्वतंत्र नर्सिंग निदेशालय की स्थापना, नर्सिंग संवर्ग से जुड़े कार्यों का समयबद्ध निस्तारण, नर्सिंग कर्मचारियों की विभिन्न लंबित समस्याओं के समाधान तथा लंबे समय से रुके हुए पारदर्शी ट्रांसफर खोलने की मांग भी प्रमुखता से रखी।

मुख्य सचिव ने प्रतिनिधिमंडल की सभी मांगों को गंभीरता से सुना तथा विभिन्न मुद्दों पर सकारात्मक चर्चा की। उन्होंने संबंधित मांगों एवं समस्याओं से अवगत होते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई किए जाने के संबंध में आश्वस्त किया। इस दौरान सरंक्षक रामेश्वर टाक, महासचिव बसंत रॉयल, प्रीयतम चौहान, रितेश सिसोदिया, तथा कार्यकारिणी सदस्य एवं नर्सिंग अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश