मानसून सिर पर, अब तक पचास प्रतिशत नालाें काे ही साफ कर पाया नगर निगम
जयपुर, 25 मई (हि.स.)। प्रदेश में मानसून की दस्तक 20 जून तक हाेने की संभावना है और नगर निगम काे 15 जून तक नालाें की सफाई करनी थी, लेकिन निगम अभी तक पचास प्रतिशत नालाें की ही सफाई कर पाया है।
नगर निगम आयुक्त ओम कसेरा की अध्यक्षता में सोमवार को नाला सफाई, मरम्मत के संबंध में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। मानसून पूर्व नाला सफाई एवं मरम्मत का कार्य मिशन मोड पर किया जा रहा है। नगर निगम जयपुर की टीमों द्वारा सभी जोन क्षेत्राधिकार के नालों की संपूर्ण सफाई, खुले नालों पर फैरोकवर लगाकर उनको ढकना तथा खुले सीवर मैनहोल पर ढक्कन लगाकर बंद करने एवं आवश्यक मरम्मत कार्य किए जा रहे हैं। मानसून पूर्व सभी नालों को साफ करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं।
आयुक्त ओम कसेरा ने बताया कि सभी जोनों में जोन उपायुक्त एवं जोन अधिशासी अभियंता की टीम द्वारा जोन क्षेत्राधिकार में नाला सफाई का कार्य प्रगतिरत है। उन्होंने बताया कि अब तक नगर निगम जयपुर के लगभग 900 नालों में से 50 प्रतिशत से अधिक नालों की सफाई का कार्य पूर्ण किया जा चुका है तथा 35 प्रतिशत नाले प्रगतिरत है। नियमित तौर पर सफाई के बाद मलबा भी उठाया जा रहा है। इसके साथ ही जहाँ कहीं भी मरम्मत की आवश्यकता है वहाँ मरम्मत भी की जा रही है। नालों की सफाई, मैनहोल सफाई, नालों पर फैरोकवर, मैनहोल ढक्कन तथा आवश्यक मरम्मत कार्यों की निरंतर माॅनिटरिंग किए जाने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश