मानसून पड़ा कमजोर, 28 से फिर सक्रिय होने के आसार, आज तीन जिलों में येलो अलर्ट
जयपुर, 26 जुलाई (हि.स.)। राजस्थान में मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी पड़ने लगी है। शनिवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहने से धूप निकली और लोगों को उमस व गर्मी का सामना करना पड़ा। हालांकि पश्चिमी राजस्थान के कुछ जिलों में बारिश का दौर जारी रहा। बाड़मेर, जालोर, पाली और जोधपुर के कई इलाकों में एक से तीन इंच तक वर्षा हुई। सबसे अधिक 90 मिलीमीटर बारिश बाड़मेर के सेड़वा में मापी गई।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार मानसून ट्रफ लाइन अपनी सामान्य स्थिति से दक्षिण की ओर खिसक गई है, जिससे पूर्वी राजस्थान में बारिश की गतिविधियां कमजोर हो गई हैं। हालांकि बंगाल की खाड़ी में नया निम्न दबाव का क्षेत्र (लो-प्रेशर सिस्टम) विकसित हुआ है, जो धीरे-धीरे पश्चिम की ओर बढ़ रहा है। इसके प्रभाव से 28 जुलाई से पूर्वी राजस्थान में मानसून फिर सक्रिय होने और बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है।
बीते 24 घंटों में बाड़मेर के सेड़वा में 90, कल्याणपुरा में 67, बटाडू में 64, नाकोड़ा में 57, बायतू में 49 तथा चौहटन में 41 मिमी वर्षा हुई। वहीं जालोर के रानीवाड़ा में 50, भीनमाल में 25, पाली के रोहट में 21, जोधपुर के शेरगढ़ में 38, तिंवरी में 18 तथा उदयपुर के गोगुंदा में 19 मिमी बारिश मापी गई।
जैसलमेर के कई क्षेत्रों में भी हल्की से मध्यम बारिश हुई।
दूसरी ओर जयपुर, अजमेर, बीकानेर, भरतपुर, कोटा और उदयपुर संभाग के अधिकांश इलाकों में शनिवार को दिनभर मौसम साफ रहा। बारिश नहीं होने से तापमान में बढ़ोतरी हुई और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान श्रीगंगानगर में 37.5 डिग्री सेल्सियस मापा गया।
मौसम विभाग ने रविवार (26 जुलाई) के लिए तीन जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं 27 जुलाई को अधिकांश जिलों में मौसम साफ रहने तथा केवल कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। विभाग का कहना है कि 28 जुलाई से पूर्वी राजस्थान में मानसून एक बार फिर सक्रिय होकर अच्छी बारिश करा सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित