मातृ शक्ति ने थामा बल्ला, बॉक्स क्रिकेट प्रतियोगिता का आगाज

 


जयपुर, 05 सितंबर (हि.स.)। क्रीड़ा भारती जयपुर की ओर से आयोजित ‘मातृ शक्ति बॉक्स क्रिकेट प्रतियोगिता’ का शनिवार को 22 गोदाम में शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में 30 महिला टीमें हिस्सा ले रही हैं।

महिलाओं में खेल भावना, स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और आत्मविश्वास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित यह प्रतियोगिता 5 से 9 सितंबर तक चलेगी। प्रतिदिन दोपहर 3 से शाम 6 बजे तक होने वाले मुकाबलों में खिलाड़ियों का दमखम देखने को मिलेगा। प्रतियोगिता में 15 से 30 वर्ष तथा 30 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की महिलाओं के लिए अलग-अलग वर्ग बनाए गए हैं।

उद्घाटन अवसर पर खिलाड़ियों में खासा उत्साह नजर आया। मैदान में उतरने से पहले खिलाड़ियों ने खेल को केवल प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि स्वस्थ और सक्रिय जीवनशैली का माध्यम बनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम में पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी दलजिंदर सिंह भुल्लर भी मौजूद रहे।

आयोजकों ने बताया कि क्रीड़ा भारती खेलों के माध्यम से चरित्र निर्माण और राष्ट्र निर्माण की भावना को आगे बढ़ाने के लिए कार्य कर रही है। ‘मातृ शक्ति बॉक्स क्रिकेट प्रतियोगिता’ भी इसी उद्देश्य की दिशा में एक सार्थक पहल है। प्रतियोगिता के माध्यम से महिलाओं को खेलों से जोड़ने के साथ उन्हें स्वस्थ, सक्रिय और आत्मविश्वासी बनने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित