माइनिंग और पेट्रोलियम क्षेत्र में रफ्तार पकड़ रहे निवेश, 33 हजार करोड़ के प्रस्तावों पर काम जारी

 


जयपुर, 04 जून (हि.स.)। राइजिंग राजस्थान निवेश सम्मेलन के तहत माइनिंग एवं पेट्रोलियम क्षेत्र में हुए निवेश समझौतों का असर अब धरातल पर दिखाई देने लगा है। अतिरिक्त मुख्य सचिव (खान एवं पेट्रोलियम विभाग) अपर्णा अरोरा ने बताया कि इस क्षेत्र में 33 हजार करोड़ रुपए के निवेश प्रस्तावों पर कार्य प्रगति पर है, जबकि अब तक लगभग 15 हजार करोड़ रुपये का निवेश हो चुका है। इनमें से करीब 6 हजार 500 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव अंतिम चरण में पहुंच चुके हैं।

सचिवालय में आयोजित समीक्षा बैठक में अपर्णा अरोरा ने निवेश प्रस्तावों की प्रगति का जायजा लेते हुए बताया कि राइजिंग राजस्थान के दौरान कच्चे तेल, प्राकृतिक गैस, पाइप्ड प्राकृतिक गैस, संपीड़ित प्राकृतिक गैस आधारभूत संरचना, सीमेंट उद्योग, तांबा तथा अन्य प्रमुख एवं गौण खनिजों से जुड़े निवेश समझौते किए गए थे, जिन पर तेजी से काम चल रहा है।

उन्होंने बताया कि करीब 2 हजार 230 करोड़ रुपए के निवेश से स्थापित अल्ट्राटेक सीमेंट संयंत्र का कार्य पूरा होकर उत्पादन शुरू हो चुका है। वहीं खेतड़ी क्षेत्र में हिन्दुस्तान कॉपर द्वारा एक हजार करोड़ रुपए के निवेश से संयंत्र क्षमता विस्तार का कार्य भी लगभग पूर्ण होने की स्थिति में है।

इसी प्रकार इंडियन ऑयल द्वारा 3 हजार 600 करोड़ रुपये की लागत से मूंदड़ा से कच्चे तेल की पाइपलाइन बिछाने का कार्य भी अंतिम चरण में पहुंच चुका है। इसके अलावा खनन क्षेत्र में 100 करोड़ रुपये से अधिक के कई निवेश प्रस्तावों पर कार्य पूरा हो चुका है।

अतिरिक्त मुख्य सचिव ने विभागीय अधिकारियों को निवेशकों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने और परियोजनाओं को समयबद्ध रूप से धरातल पर उतारने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि माइनिंग और पेट्रोलियम क्षेत्र में निवेश बढ़ने से राज्य में औद्योगिक गतिविधियों को गति मिलेगी, रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे तथा सरकार के राजस्व में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

बैठक में नोडल अधिकारी एवं अधीक्षण भूवैज्ञानिक संजय सक्सेना ने विभिन्न निवेश परियोजनाओं की प्रगति की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। समीक्षा बैठक में विशिष्ट सचिव खान नम्रता वृष्णि, निदेशक पेट्रोलियम अवधेश सिंह, अधीक्षण खनि अभियंता एन.एस. शक्तावत तथा विशेषाधिकारी श्रीकृष्ण शर्मा सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित