मरुधरा हाफ मैराथन में जयपुर में दौड़े हज़ारों की संख्या में धावक

 




जयपुर, 02 मार्च (हि.स.)। शहर में स्वास्थ्य एवं फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से कल्पतरु शिक्षा समिति की ओर से आयोजित मरुधरा हाफ मैराथन का तृतीय संस्करण का आयोजन किया गया। लगभग विभिन्न आयु वर्ग के 2000 से अधिक धावकों ने 21 किमी, 10 किमी तथा 5 किमी में उत्साहपूर्वक भाग लेकर आयोजन को यादगार बना दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजस्थान सरकार के खेल एवं युवा मामलात मंत्रालय के सचिव नीरज के. पवन रहे। जिन्होंने मैराथन का फ्लैग ऑफ किया। विशिष्ट अतिथियों में उत्तर पश्चिम रेलवे की रेल्वे प्रोटेक्शम फ़ोर्स (आरपीएफ) के आईजी ज्योतिकुमार सतीजा, एएनएस सोलर के आशीष शर्मा, शुभआशीष मरीना के रोहित पाटनी, रीको के जीएम दिनेश पहाड़िया उपस्थित रहे। कार्यक्रम की मुख्य आकर्षण मिस अदिति शर्मा, मिस इंडिया सेलेस्टे इंडिया 2025 रहीं। जिनकी उपस्थिति ने प्रतिभागियों का उत्साह और बढ़ा दिया। मैराथन का शुभारंभ बॉम्बे हॉस्पिटल जयपुर परिसर से हुआ। धावक सीतापुरा इंडस्ट्रियल एरिया स्थित शुभआशीष मरीना तक दौड़ते हुए पुनः बॉम्बे हॉस्पिटल पहुंचकर फिनिश लाइन पर पहुंचे। पूरे मार्ग में प्रतिभागियों का जोश और ऊर्जा देखने लायक रही।

इस अवसर पर नीरज के पवन ने कहा कि मरुधरा हाफ मैराथन का उद्देश्य केवल दौड़ तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वास्थ्य जागरूकता के साथ-साथ राजस्थान की संस्कृति,कला और परंपराओं को बढ़ावा देना भी है। वहीं आईजी ज्योतिकुमार सतीजा ने कहा कि ऐसे खेल आयोजनों से समाज में फिटनेस के साथ-साथ जिम्मेदारी और अनुशासन की भावना भी विकसित होती है। मरुधरा हाफ मैराथन में युवाओं, परिवारों और विभिन्न आयु वर्ग के लोगों की भागीदारी यह दिखाती है कि अब स्वस्थ जीवनशैली जनआंदोलन का रूप ले रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश