भीषण गर्मी में ड्यूटी कर रहे ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को लू से बचाव के लिए दवा का वितरण

 


जयपुर, 28 मई (हि.स.)। राजस्थान क्षेत्र में भीषण गर्मी एवं बढ़ते तापमान को देखते हुए आरोग्य भारती जयपुर महानगर द्वारा लू, ताप-घात से बचाव के लिए ट्रैफिक पुलिस कर्मियों को निःशुल्क दवा का वितरण किया गया। दवा वितरण अभियान का अभियान अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (यातायात एवं प्रशासन) योगेश दाधीच की उपस्थिति में प्रारंभ हुआ।

आरोग्य भारती द्वारा समय-समय पर समाज हित में ऐसे सेवा एवं जनजागरण कार्यक्रम किए जाते रहे है। इस बार नौ तपा की भीषण गर्मी को देखते हुए कार्यकर्ताओं द्वारा शहर के मुख्य मार्गो पर यातायात व्यवस्था में लगे ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को अमृत गोली का वितरण किया गया साथ ही गर्मी में स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने, पर्याप्त पानी पीने तथा लू से बचाव के उपायों की जानकारी भी दी गई। इस सेवा कार्य के माध्यम से संगठन ने पुलिस कर्मियों के प्रति सम्मान एवं सहयोग का संदेश दिया गया।

इस कार्य के दौरान आरोग्य भारती की प्रांत सह सचिव डॉ वृंदा राव, प्रांत कार्यालय सचिव डॉ अंकित गर्ग, आरोग्य मित्र आयाम प्रमुख डॉ देश दीपक वधवा एवं अमृत पासी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश