भीलवाड़ा पुलिस लाइन में रंगों की बौछार, जवानों ने एसपी को कंधों पर उठाकर किया डांस
भीलवाड़ा, 05 मार्च (हि.स.)। सालभर आमजन की सुरक्षा में तैनात रहने वाले पुलिसकर्मी जब होली के रंग में रंगे तो पुलिस लाइन का माहौल भी पूरी तरह उत्सवमय हो गया। भीलवाड़ा पुलिस लाइन में आयोजित पुलिस होली समारोह में जवानों और अधिकारियों ने जमकर रंग-गुलाल उड़ाए और डीजे की धुन पर थिरकते हुए त्योहार का आनंद लिया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिसकर्मियों में गजब का उत्साह देखने को मिला। छोटे-बड़े सभी अधिकारी एक साथ एक-दूसरे को रंग लगाते और गले मिलते नजर आए। डीजे पर बजते राजस्थानी और पारंपरिक होली गीतों ने माहौल को और भी रंगीन बना दिया। पुलिसकर्मी रंग-गुलाल से सराबोर होकर जमकर नाचे और खुशियां मनाईं।
समारोह के दौरान पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह यादव ने सभी पुलिस कर्मियों को होली की शुभकामनाएं दीं। जवानों ने भी अपने एसपी का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें कंधों पर उठाकर डीजे की धुन पर डांस किया। इस दौरान पूरा पुलिस लाइन परिसर रंग, उमंग और उत्साह से सराबोर नजर आया।
इस आयोजन में जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू भी पहुंचे। उन्होंने पुलिसकर्मियों के साथ गुलाल लगाकर होली खेली और सभी को त्योहार की बधाई दी। पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह यादव की मौजूदगी में आयोजित इस कार्यक्रम में रैंक की दीवारें पूरी तरह टूटती नजर आईं। सिपाही से लेकर वरिष्ठ अधिकारी तक सभी ने एक-दूसरे को सतरंगी गुलाल लगाकर होली की खुशियां साझा कीं। पुलिसकर्मियों ने कहा कि सालभर कड़ी ड्यूटी और जिम्मेदारियों के बीच ऐसे मौके उन्हें आपसी भाईचारे और खुशी के साथ त्योहार मनाने का अवसर देते हैं।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह यादव ने कहा कि पुलिस लाइन में हर साल पुलिस परिवार मिलकर होली का त्योहार मनाता है। उन्होंने बताया कि असली धुलंडी के दिन पुलिसकर्मी कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी में व्यस्त रहते हैं, इसलिए बाद में सभी एक साथ मिलकर यह पर्व मनाते हैं। उन्होंने मीडिया कर्मियों, भीलवाड़ा के नागरिकों, राजस्थान और देशवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए सभी से शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण तरीके से त्योहार मनाने की अपील की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मूलचंद