भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यकर्ता सुनवाई से क्षेत्र में विकास कार्यों को मिलेगी गति : सुमित गोदारा
जयपुर, 30 दिसंबर (हि.स.)। भाजपा प्रदेश कार्यालय में मंगलवार को राजस्व मंत्री हेमंत मीणा एवं खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति तथा उपभोक्ता मामले के मंत्री सुमित गोदारा की ओर से कार्यकर्ता सुनवाई का आयोजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने अपनी समस्याएं एवं प्रकरण मंत्रियों के समक्ष रखे।
कार्यकर्ता सुनवाई के उपरांत मीडिया को संबोधित करते हुए राजस्व मंत्री हेमंत मीणा ने कहा कि भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता का हर कार्य हो। इस भावना के साथ मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के नेतृत्व में पार्टी मुख्यालय पर कार्यकर्ता सुनवाई की शुरुआत की गई है। आज मंगलवार को सुनवाई में कुल 58 प्रकरण सामने आए। जिनके निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। संगठन की ओर से महामंत्री मिथिलेश गौतम एवं प्रदेश मंत्री डॉ. अपूर्वा सिंह ने भी कार्यकर्ताओं की समस्याओं के समाधान में सक्रिय भूमिका निभाई।
राजस्व मंत्री हेमंत मीणा ने कहा कि इस पहल से प्रदेश में यह स्पष्ट संदेश गया है कि सरकार और संगठन जनभावनाओं के अनुरूप कार्य करते हुए कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दे रहे हैं। इससे प्रदेश में सकारात्मक वातावरण एवं सकारात्मक संदेश का संचार हो रहा है। संगठन और सत्ता के समन्वय से कार्यकर्ताओं की समस्याओं का त्वरित निस्तारण किया जा रहा है, जो भाजपा के सशक्त संगठनात्मक ढांचे को दर्शाता है।
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति तथा उपभोक्ता मामले के मंत्री सुमित गोदारा ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी कार्यालय में आयोजित कार्यकर्ता सुनवाई से क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिलती है तथा कार्यकर्ता स्वयं को गौरवान्वित महसूस करते हैं। उन्होंने बताया कि पार्टी कार्यालय के साथ-साथ सभी मंत्रियों के आवास पर भी नियमित रूप से जनसुनवाई की जाती है। भाजपा की यही कार्यशैली उसे अन्य राजनीतिक दलों से अलग पहचान दिलाती है। जब मंत्री संगठन के पदाधिकारियों के साथ मिलकर पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ताओं की सुनवाई करते हैं, तो इसका सकारात्मक संदेश आमजन तक जाता है और जनहित के कार्य भी प्रभावी ढंग से संपन्न होते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश