भवानी निकेतन में रविवार को होगा 111 पार्थिव शिवलिंगों का महारुद्राभिषेक

 


जयपुर, 07 अगस्त (हि.स.)। हरि ओम जन सेवा समिति, राजस्थान की ओर से सावन के पावन अवसर पर 19वां विशाल 111 पार्थिव शिवलिंग महारुद्राभिषेक रविवार, 9 अगस्त को आयोजित किया जाएगा। यह धार्मिक आयोजन सीकर रोड, मुरलीपुरा स्थित भवानी निकेतन उच्च माध्यमिक विद्यालय पथ नंबर-7, विजयबाड़ी में सुबह सवा 8 बजे से प्रारंभ होगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी शिरकत करेंगी।

आयोजन को लेकर शुक्रवार को कार्यक्रम स्थल पर तैयारियां जोर-शोर से चलती रहीं। समिति के अध्यक्ष पंकज गोयल ने बताया कि दीपक बियानी, महेश शर्मा सहित पूरी टीम ने व्यवस्थाओं की समीक्षा की और अंतिम रूप दिया। शनिवार को कार्यक्रम स्थल पर 111 पार्थिव शिवलिंग तैयार किए जाएंगे। समिति ने श्रद्धालुओं से शनिवार सुबह कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर शिवलिंग निर्माण सेवा में योगदान देने का आग्रह किया है।

समिति के अनुसार, महारुद्राभिषेक में जोड़े के रूप में पूजा पर बैठने वाले श्रद्धालु शनिवार दोपहर 1 बजे तक अपना नाम दर्ज करा सकते हैं। इसके बाद किसी भी नए जोड़े का पंजीकरण नहीं किया जाएगा। प्रति जोड़े के लिए सहयोग राशि ₹3,100 निर्धारित की गई है। रविवार को सेवा देने वाले श्रद्धालुओं एवं कार्यकर्ताओं को सुबह 7 बजे तक कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं।

पूजा-अर्चना और महारुद्राभिषेक के उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। समिति ने स्पष्ट किया है कि महारुद्राभिषेक और भंडारे की व्यवस्था में समर्पित होकर सेवा देने वाले सदस्यों में से ही आगामी नई कार्यकारिणी की घोषणा की जाएगी।

समिति के संरक्षक एवं संस्थापक राजेन्द्र सदानंद महाराज ने जयपुरवासियों और श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर पुण्य लाभ कमाने का आह्वान किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश