भट्टी सा तपा पश्चिम राजस्थान, तीन शहरों का पारा 45 पार, बाड़मेर @47

 


जयपुर, 10 मई (हि.स.)। आग उगलते सूरज से पश्चिम राजस्थान भट्टी की तरह तप रहा है। तीन शहरों का दिन का पारा 46 या उससे अधिक दर्ज किया गया। बाड़मेर का पारा 46.8 डिग्री दर्ज किया गया। हीटवेव के चलते आमजन बेहाल नजर आया। वहीं प्रदेश के 19 शहरों का दिन का पारा 40 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया। वहीं सोमवार से पूर्वी राजस्थान का मौसम बदला नजर आया और पश्चिम विक्षोभ के प्रभाव से आंधी-बारिश होने की संभावना है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बाड़मेर के अलावा जैसलमेर का 46.3, फलौदी 46, जोधपुर 44.6, बीकानेर 44.4 डिग्री दर्ज किया गया। बाड़मेर का दिन और 33.4 डिग्री के साथ फलौदी की रात सबसे गर्म रही। प्रदेश में फलौदी के साथ 4 शहर चित्तौडग़ढ़, बीकानेर और संगरिया का रात का पारा 30 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 11-12 मई को बीकानेर संभाग, शेखावाटी क्षेत्र व जयपुर, भरतपुर संभाग के उत्तरी भागों में कहीं-कहीं आंधी व हल्की बारिश होने व शेष अधिकांश भागों में मौसम मुख्यत: शुष्क रहने की संभावना है। पश्चिमी राजस्थान के कुछ भागों में दिन में हीटवेव व ऊष्णरात्रि दर्ज होने की प्रबल संभावना है। राज्य में शनिवार को मौसम मुख्यत: शुष्क रहा, राज्य में रविवार को कहीं कहीं पर हीटवेव व उष्ण रात्रि दर्ज की गई। न्यूनतम तापमान 20.9 डिग्री सेल्सियस फतेहपुर (सीकर) में दर्ज किया गया।

जयपुर में तेज गर्मी ने आमजन को सताया। दोपहर में सड़के सूनी नजर आई। जयपुर के दिन और रात के पारे में उछाल दर्ज किया गया। जयपुर का अधिकतम तापमान 39.2 और न्यूनतम तापमान 26.9 डिग्री दर्ज किया गया। जयपुर के अधिकतम तापमान में 0.2 और न्यूनतम तापमान में 1.4 डिग्री का उछाल दर्ज किया गया। नया पश्चिम विक्षोभ सक्रिय होने से सोमवार को जयपुर का मौसम बदला नजर आएगा और सोमवार व मंगलवार को आंधी के साथ बारिश की संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश