भट्टी का तपने लगा प्रदेश, 9 शहराें का पारा 45 पार

 


जयपुर, 27 अप्रैल (हि.स.)। प्रदेश में गर्मी ने तांडव करना शुरू कर दिया है। प्रदेश के 9 शहर भट्टी की तरह तप उठे। यहां का दिन का पारा 45 तो रात का पारा 30 डिग्री के पार दर्ज किया गया। 46.4 डिग्री के साथ जैसलमेर का दिन और 33.1 डिग्री के साथ संगरिया की रात सबसे गर्म रही। हालांकि इस बीच सोमवार को सीकर, बीकानेर और चूरू में हल्की बारिश भी दर्ज की गई, लेकिन आमजन को तेज गर्मी से राहत नहीं मिली।

मौसम विभाग के अनुसार जैसलमेर के अलावा बाड़मेर, कोटा, वनस्थली, चित्तौडग़ढ़, पिलानी, फलौदी, बीकानेर, चूरू और श्रीगंगानगर का दिन का पारा हाई रहा। संगरिया के अलावा जयपुर, कोटा, चित्तौडग़ढ़, बाड़मेर, जैसलमेर, जोधपुर, फलौदी और बीकानेर का रात का पारा 30 डिग्री के पार दर्ज किया गया।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने व बंगाल की खाड़ी से आने वाली पूर्वी हवाओं के प्रभावी होने से दोपहर बाद आगामी 3-4 दिन मेघगर्जन के साथ आंधी (40-50 किलाेमीटर प्रतिघंटा) व कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है। आगामी दिनों में आंधी बारिश के प्रभाव से अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री गिरावट होने की प्रबल संभावना है। राज्य में सोमवार को कुछ जगहों पर उष्ण लहर और उष्ण रात्रि दर्ज होने के साथ ही कुछ जगहों पर मेघगर्जन और तेज झोंकेदार हवाओं के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी दर्ज की गई। वर्तमान में अधिकांश भागों में अधिकतम तापमान 44-46 डिग्री दर्ज किया जा रहा हैं जो औसत सामान्य तापमान से अधिक है। राज्य में रविवार को सर्वाधिक बारिश फलौदी में 4.0 मिलीमीटर दर्ज की गई।

जयपुर में तेज गर्मी से आमजन के साथ जीव-जंतुओं का हाल बेहाल है। जयपुर के दिन में तेज धूप पड़ी और शाम को काले घने बादल नजर आए। बादल छाने के साथ धूलभरी हवाएं भी चली। जयपुर में रविवार रात को लू जैसे हालात रहे। जयपुर के दिन के तापमान में 0.8 और रात के तापमान में 1.3 डिग्री का उछाल दर्ज किया गया। जयपुर का अधिकतम तापमान 43.5 और न्यूनतम तापमान 31.7 डिग्री रहा। आगामी समय में जयपुर के पारे में और उछाल आने की संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश