भगवान महावीर के सत्य अहिंसा के मार्ग पर चलने में ही समाज का कल्याण— भागीरथ चौधरी
अजमेर में भगवान महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव पर निकली विशाल रथ यात्रा
अजमेर 30 मार्च(हि.स.)। जैन धर्म के 24 वें तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी का 2625 जन्मोत्सव सोमवार को हर्षोल्लास से मनाया गया। जैन धर्मावलम्बियों ने भगवान महावीर स्वामी जन्मोत्सव पर विशाल रथ यात्रा जुलूस निकाला । केसरगंज स्थित जैन मंदिर में ब्राहमी महिला मण्डल के द्वारा बधाई गीत गाए गए व जैन धर्म पर आधारित भजन हुए। समाज की अनेक महिलाओं, बालिकाओं व बच्चों बढ़चढ़ कर भाग लिया। शोभा यात्रा में केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी, भाजपा के शहर जिलाध्यक्ष रमेश सोनी सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। भागीरथ चौधरी ने जैन समाज बंधुओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भगवान महावीर के सत्य अहिंसा के मार्ग पर चलने में ही सर्व समाज का कल्याण बताया।
उत्सव संयोजक दीपक कोठारी ने बताया कि ‘‘जीओ और जीने दो’’ एवं सत्य अहिंसा का जो संदेश भगवान महावीर स्वामी ने विश्व को दिया उसी से आज मानव का कल्याण संभव है। आज के युग में भगवान महावीर के संदेश की जन-जन को आवश्यकता है। 25 मार्च से 29 मार्च तक दोपहर 3बजे से 5:00 बजे तक भगवान के जन्म कल्याणक की खुशी में मंगल बधाई गीत गाये गये। प्रातः 7.30 बजे ध्वजारोहण श्रेष्ठी सुशील कुमार जैन साहबजाज कोठारी रहे। महावीर स्वामी की विशाल रथ यात्रा का जुलूस श्री 1008 पार्श्वनाथ दिगम्बर जैसवाल जैन मन्दिर महावीर मार्ग केसरगंज से शुरू हुआ। जो भगवान आदिनाथ मार्ग पड़ाव होता हुआ नगर भ्रमण कर केसरंगज जैन मन्दिर पर समाप्त हुआ। शोभा यात्रा का मार्ग में जगह जगह स्वागत किया गया। अंतर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन जिला शाखा अजमेर की ओर से नया बाजार चौपड़ पर नगाड़े व शहनाइ वादन कर तथा दुपट्टे पहनाकर भव्य स्वागत किया गया। संस्था के जिला महामंत्री उमेश गर्ग ने बताया कि सामाजिक सरोकार व संस्कृति तथा वैश्य समाज में सौहार्द एवं आपसी मेल मिलाप बनाये रखने के उद्देश्य से अंतर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन की ओर से सभी घटक द्वारा निकाले जाने वाले जुलूस शोभायात्रा आदि धार्मिक व सामाजिक कार्यक्रमों में स्वागत किया जाता हैं। शोभा यात्रा में पारंपरिक हाथी, घोड़ों के अलावा जैन धर्म पर आधारित व भगवान महावीर स्वामी के जीवन पर आधारित लगभग 40 झांकिया, श्रीजी स्वर्णमयी सफेद घोड़ों का रथ, जिनवाणी रथ, ऐरावत हाथी, 11 घोड़े, उद्घोषक रथ, 7 बैण्ड, 21 ढोल, आदि सवारियॉं, ढोल बैण्ड बाजे, पार्श्वनाथ संगीत मंडली के साथ हजारों धर्मावलम्बी शामिल हुए। जैन समाज के सभी धर्मावलम्बियों में काफी उत्साह का माहौल देखने को मिला।
आचार्य विघासागर महाराज एवं नवाचार्य समयसागर महाराज के श्रेष्ठ शिष्य निर्यापक मुनि योग सागर महाराज संसघ का शोभायात्रा में सानिध्य रहा।
मन्दिर कमेटी के अध्यक्ष सुनील ढिलवारी, मंत्री सुनील साहबजाज (काके), योगेन्द्र कोलानायक, वीरेंद्र ढिलवारी, दीपक कोठारी, राकेश घीया, सचिन, रविन्द्र साहबजाज, उमेश साहबजाज, नागेन्द्र दनगसिया, अनिल पॉण्डया, सुभाष चडौसिया, कपिल दनगसिया सहित सभी सदस्यों ने अजमेर सकल दिगम्बर जैन समाज की ओर से अजमेरवासियों को महावीर जयंती शुभकामनाएं दी व आभार व्यक्त किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष