भगवान महावीर का 2625वां जन्म कल्याणक महोत्सव बुधवार से: शोभायात्रा 31 को, इको फ्रेंडली झांकियों का होगा समावेश
जोधपुर, 24 मार्च (हि.स.)। श्री महावीर जैन नवयुवक मण्डल एवं भगवान महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव समिति की ओर से अहिंसा के अवतार श्रमण भगवान महावीर का 2625वां जन्म कल्याणक महोत्सव 25 मार्च से 5 अप्रेल तक धूमधाम से मनाया जाएगा। इस मौके पर शहर में शोभायात्रा निकाली जाएगी। इस शोभायात्रा में जैन धर्म, भगवान महावीर और उनके जीवन आदर्शों से ओत प्रोत लगभग 100 से अधिक झांकियां निकाली जाएगी। शोभायात्रा में शामिल अधिकांश झांकियां इको फ्रेंडली होगी।
समिति अध्यक्ष बलवंत खिंवसरा, सचिव धीरज कुमार रांका व मीडिया प्रभारी प्रवीण सुराणा ने बताया कि समिति द्वारा आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला में 25 मार्च को पावटा स्थित भगवान महावीर उद्यान में सुबह 8.30 बजे अतिथियों द्वारा ध्वजारोहण कर कार्यक्रमों का आगाज किया जाएगा।
अगले दिन 27 मार्च को मानव सेवा दिवस मनाया जाएगा जिसके तहत वात्सलयपुरम, अपनाघर, टाउनहॉल, कुष्ठ आश्रम, वृद्धाश्रम, सेवाभारती आदि स्थानों पर भोजन वितरण एवं अन्य जनसेवा कार्य किए जाएंगे। फिर 28 मार्च को जीव दया दिवस समिति, श्री वीर प्रभु संस्थान व श्री वीर प्रभु महिला मंडल के संयुक्त तत्वावधान में मनाया जाएगा। कार्यक्रम के तहत सुबह 9 बजे अरणा झरणा मोकलावास स्थित श्री ओसवाल सिंह सभा धर्मपुरा गौशाला में गायों, बकरों, खरगोश व अन्य मूक पशु पक्षियों को हरा चारा व लापसी वितरण व कुत्तों के बाडे में दूध, रोटी, सोगरा आदि खिलाकर सेवा कार्य किया जाएगा। इसके बाद 29 मार्च को सांय 7.15 बजे से एक शाम प्रभु महावीर के नाम भजन संध्या सरदारपुरा स्थित गांधी मैदान में आयोजित होगी जिसमें रायपुर छत्तीसगढ के भजन गायक अंकित लोढ़ा सुमधुर भजनों की प्रस्तुति देंगे। भजन संध्या में रात आठ बजे तक आने वाले श्रोताओं को लक्की कूपन द्वारा ड्रा निकालकर विजेताओं को चांदी के सिक्के उपहार रूवरूप दिए जाएंगे।
भगवान महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव के तहत शोभायात्रा 31 मार्च को सुबह 8.30 बजे पूजा अर्चना के पश्चात् फतेहपोल से निकाली जाएगी। शोभायात्रा नवचौकिया, खाण्डाफलसा, जालोरीगेट, मेडिकल मार्केट, एमजीएच रोड, दिगंबर जैन मंदिर, स्टेशन रोड, सोजतीगेट, महावीर मार्केट, त्रिपोलिया बाजार, कन्दोई बाजार, कटला बाजार, कपडा बाजार, सिरे बाजार होते हुए जूनी धानमण्डी स्थित महावीर स्वामी के मंदिर पर विसर्जित होगी तथा मुख्य शोभा यात्रा में विभिन्न क्षेत्रों भैरूबाग, प्रतापनगर, गुरों का तालाब, महिलाबाग, शांतिपुरा, महामंदिर, चौपासनी हाउसिंग बोर्ड, कुडी भगतासनी, भगत की कोठी, बाडमेर भवन, मूथाजी मंदिर नागौरीगेट, पावटा, यूआईटी आदि क्षेत्र की उप शोभा यात्राएं जालोरीगेट एवं सोजतीगेट से सम्मिलित होगी। शोभायात्रा में ई रिक्शा की पहल की गई है।
पांच अप्रैल को कार्यक्रमों का समापन व सम्मान समारोह पाल रोड उद्यान अपार्टमेंट के पास स्थित खरतरगच्छ जैन सेवा ट्रस्ट प्रांगण में आयोजित किया जाएगा जिसमें शोभा यात्रा में भाग लेने वाली सभी संस्थाओं को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश