बॉर्डर क्लीन अभियान के खिलाफ बीकानेर में जन रैली
बीकानेर, 23 जुलाई (हि.स.)। राजस्थान में 'बॉर्डर क्लीन' के नाम पर कथित रूप से घर-दुकानें उजाड़ने और किसानों को सिंचाई पानी से महरूम रखने के खिलाफ आज पूगल उपखंड मुख्यालय पर रैली निकाली गई।
पूर्व कैबिनेट मंत्री गोविंदराम मेघवाल के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में खाजूवाला, पूगल और छतरगढ़ क्षेत्र से सैकड़ाें से अधिक किसान, मजदूर, युवा, सरपंच, जन प्रतिनिधि और कांग्रेस कार्यकर्ता ट्रैक्टरों तथा पैदल मार्च के साथ सड़कों पर उतरे। प्रदर्शनकारियों ने अम्बेडकर भवन पूगल से एसडीएम कार्यालय पूगल तक पैदल मार्च निकाला और एसडीएम कार्यालय पूगल पर विशाल जनसभा की।
जनसभा को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री गोविंदराम मेघवाल ने भाजपा सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आराेप लगाते हुए कहा कि क्षेत्र के सांसद अर्जुन राम मेघवाल और स्थानीय विधायक गरीबों पर हो रहे इस अत्याचार पर आंखें मूंदे बैठे हैं। पाकिस्तान सीमा से 50 किलोमीटर तक में घरों ,दुकानदारों और छतरगढ़ में पूरी कॉलोनियों पर बुलडोजर चलाए जा रहे है, बेदखली के नोटिस दिए जा रहे हैं। बांड़का और पहलवान के बेरे स्थित मजारों व धार्मिक स्थलों को ढहाकर क्षेत्र के अस्तित्व और भाईचारे को ललकारा गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि खाजूवाला क्षेत्र की गंगा-जमुनी तहजीब को किसी सूरत में बिगड़ने नहीं दिया जाएगा और हिंदू, मुस्लिम, सिख व दलित एकजुट होकर इस तानाशाही का डटकर मुकाबला करेंगे।
पूर्व मंत्री ने किसानों के जल संकट को प्रमुखता से उठाते हुए कहा कि पोंग डैम में 1324 फीट से अधिक पानी उपलब्ध होने के बावजूद भजनलाल सरकार खाजूवाला के किसानों को सिंचाई के लिए 4 में से 2 समूह में पानी नहीं दे रही है। इसके कारण किसानों की नरमा, मूंगफली और मूंग की खड़ी फसलें जलकर बर्बाद हो रही हैं। एक तरफ किसान को डीएपी व यूरिया खाद नहीं मिल रही है, तो दूसरी तरफ दशकों से बसे परिवारों के आशियाने उजाड़े जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकारों ने नहरें बनाकर इस मरुस्थल को आबाद किया था, लेकिन भाजपा सरकार इसे तबाह करने पर तुली हुई है।
इस जनसभा की अध्यक्षता क्षेत्र के 85 वर्षीय बुजुर्ग नेता हाजी नजरू खान ने की तथा मंच पर क्षेत्र के प्रमुख जनप्रतिनिधि, पंचायत समिति सदस्य और विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। साथ ही इस प्रदर्शन में रामेश्वर गोदारा, कांग्रेस ब्लाक अध्यक्ष खाजूवाला-पूगल, क्यामूदीन पड़िहार, कांग्रेस ब्लाक अध्यक्ष छतरगढ, गौरव चैहान प्रधान पूगल, यासीन खां उपप्रधान पूगल, राजेन्द्र जी जांगू जिला महामंत्री, कांग्रेस जिला देहात, रामकुमार तेतरवाल व अन्य जनप्रतिनिधि और हजारो की संख्या में लोग शामिल हुए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव