बूढ़ा पुष्कर में श्रमदान और वृक्षारोपण के साथ वंदे गंगा जन अभियान का समापन

 






अजमेर, 05 जून (हि.स.)। उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी ने शुक्रवार को बूढ़ा पुष्कर में आयोजित कार्यक्रम में श्रमदान और वृक्षारोपण कर ‘वंदे गंगा जल संरक्षण-जन अभियान 2026’ का समापन किया। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए आमजन से अधिकाधिक वृक्षारोपण करने का आह्वान किया।

उप मुख्यमंत्री सुबह करीब साढ़े दस बजे बूढ़ा पुष्कर पहुंचीं, जहां जिला कलेक्टर लोक बंधु ने उनका स्वागत किया। इस दौरान कैबिनेट मंत्री सुरेश सिंह रावत, देवनारायण बोर्ड अध्यक्ष ओम प्रकाश सिंह भड़ाना, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सरिता गेना तथा अन्य जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने उनका अभिनंदन किया।

कार्यक्रम के दौरान दीया कुमारी ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच बूढ़ा पुष्कर सरोवर की पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने सरोवर परिसर में झाड़ू लगाकर तथा फावड़ा चलाकर श्रमदान किया और स्वच्छता व जल संरक्षण के प्रति जनभागीदारी का संदेश दिया। जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पानी मानव जीवन के लिए अमूल्य संसाधन है और इसके संरक्षण की जिम्मेदारी हम सभी की है। उन्होंने कहा कि जल स्रोतों का संरक्षण और संवर्धन वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने स्वयं पौधरोपण किया और लोगों से पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए अधिक से अधिक पेड़ लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष