बीकानेर में वैदिक रीति से संपन्न हुआ तुलादान एवं वैतरणी संस्कार

 


बीकानेर, 12 जुलाई (हि.स.)। आचार्य चौक स्थित किशन जसोदा कुंज में रविवार को दुर्गाशंकर–पुष्पादेवी आचार्य की मेजबानी में सनातन परंपरा के अनुसार तुलादान एवं वैतरणी संस्कार का श्रद्धा, भक्ति और वैदिक विधि-विधान के साथ आयोजन किया गया।

अनुष्ठान के लिए विशेष रूप से हवन कुंड सजाए गए, जहां कर्मकांडी ब्राह्मणों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजन, हवन, तुलादान एवं वैतरणी संस्कार संपन्न करवाए। श्रद्धालुओं ने पूरे श्रद्धाभाव के साथ धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया। पूरे आयोजन स्थल पर आध्यात्मिक एवं भक्तिमय वातावरण बना रहा। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार तुलादान में व्यक्ति अपने भार के बराबर अन्न, फल, वस्त्र अथवा अन्य सामग्री का दान करता है, जिसे दान, सेवा और लोककल्याण का प्रतीक माना जाता है। वहीं वैतरणी संस्कार आत्मा की सद्गति, पितरों के कल्याण तथा मोक्ष की कामना से जुड़ा महत्वपूर्ण वैदिक अनुष्ठान माना जाता है।

इस अवसर पर परिवार के सदस्य, परिजन, रिश्तेदार तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने पूजा-अर्चना, हवन एवं अन्य धार्मिक अनुष्ठानों में सहभागिता की। कार्यक्रम के समापन पर सामूहिक पूजन एवं महाआरती का आयोजन किया गया, जिसके बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव